- लखनऊ में UPSSF के सहयोग से ‘संडेज़ ऑन साइकिल’ का आयोजन
- नैनीताल में ‘नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत’ कार्यक्रम में 120 से अधिक प्रतिभागियों ने लिया हिस्सा
लखनऊ, 25 अक्टूबर।
भारतीय खेल प्राधिकरण (SAI) के नेताजी सुभाष क्षेत्रीय केंद्र (NSRC), लखनऊ की ओर से फिटनेस, स्वस्थ जीवनशैली, साइबर सुरक्षा जागरूकता और नशामुक्त भारत के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने के लिए दो महत्वपूर्ण सामुदायिक पहल आयोजित की गईं। लखनऊ में उत्तर प्रदेश विशेष सुरक्षा बल (UPSSF) के सहयोग से साइबर सुरक्षा थीम पर ‘संडेज़ ऑन साइकिल’ कार्यक्रम हुआ, जबकि नैनीताल के भारतीय शहीद सैनिक विद्यालय में फिट इंडिया एवं MY भारत पहल के तहत ‘नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत’ कार्यक्रम आयोजित किया गया।

SAI NSRC लखनऊ के प्रभारी क्षेत्रीय निदेशक आत्मप्रकाश के नेतृत्व में आयोजित इन कार्यक्रमों में बड़ी संख्या में प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया। लखनऊ में लगभग 50 UPSSF अधिकारियों ने साइकिल रैली और फिटनेस गतिविधियों में भाग लिया। वहीं, नैनीताल में MY भारत के स्वयंसेवकों, विद्यार्थियों और SAI STC के खिलाड़ियों सहित 120 से अधिक प्रतिभागियों ने नशामुक्त जीवनशैली अपनाने का संकल्प लिया।

‘संडेज़ ऑन साइकिल’ से फिटनेस और साइबर सुरक्षा का संदेश
SAI NSRC लखनऊ के शांति नगर, कानपुर रोड, सरोजनी नगर परिसर में आयोजित ‘संडेज़ ऑन साइकिल’ कार्यक्रम में शारीरिक फिटनेस के साथ डिजिटल सुरक्षा के प्रति जागरूकता पर जोर दिया गया। UPSSF के सहयोग से आयोजित इस कार्यक्रम में जुम्बा, योग, रस्सीकूद, दौड़ और पुश-अप जैसी गतिविधियां कराई गईं। इसके साथ ही पांच किलोमीटर की साइकिल रैली भी निकाली गई।
कार्यक्रम में UPSSF के निरीक्षक प्रमोद यादव और संजय कुमार मिश्रा मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। प्रतिभागियों को सुरक्षित ऑनलाइन व्यवहार, साइबर धोखाधड़ी से बचाव, फिट इंडिया मूवमेंट और खेलो इंडिया योजना के अंतर्गत संचालित पहलों की जानकारी दी गई। इस अवसर पर प्रतिभागियों को टी-शर्ट और जलपान भी वितरित किया गया।
इस फिटनेस पहल से उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड के 100 खेलो इंडिया केंद्रों (KICs) के लगभग 1,500 प्रतिभागी भी वर्चुअल माध्यम से जुड़े। उन्होंने अपने-अपने केंद्रों से गतिविधियों में हिस्सा लेकर सक्रिय जीवनशैली और सामुदायिक सहभागिता का संदेश दिया।
नैनीताल में युवाओं को नशे से दूर रहने के लिए किया प्रेरित
फिट इंडिया एवं MY भारत पहल के अंतर्गत नैनीताल स्थित भारतीय शहीद सैनिक विद्यालय में ‘नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत’ कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसका उद्देश्य युवाओं को नशे से दूर रहने, स्वस्थ आदतें अपनाने और खेलों को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने के लिए प्रेरित करना था।
कार्यक्रम में विद्यालय के प्रधानाचार्य प्रवीण सती मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। डॉ. नीलम जोशी और आलोक कुमार ने विशेष अतिथि के रूप में सहभागिता की। इस दौरान प्रतिभागियों को नशे के विरुद्ध शपथ दिलाई गई। इसके अलावा योग सत्र, फिटनेस चैलेंज, फुटबॉल, वॉलीबॉल, बास्केटबॉल, रस्सीकूद, पेनल्टी शूटआउट और साइकिलिंग जैसी गतिविधियां आयोजित की गईं। ‘पुल अगेंस्ट नशा’ थीम पर रस्साकशी के माध्यम से भी नशामुक्ति का संदेश दिया गया।
इन गतिविधियों के जरिए युवाओं को शारीरिक रूप से सक्रिय रहने, स्वस्थ जीवनशैली अपनाने और नशामुक्त भारत के निर्माण में अपनी भूमिका निभाने के लिए प्रोत्साहित किया गया।
खेलों को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने पर जोर
SAI NSRC लखनऊ के वरिष्ठ अधिकारियों लेफ्टिनेंट कर्नल गौरव सिंह (निदेशक), मनीष कुमार (सहायक निदेशक) और प्रवीण कुमार सी.एम. (सहायक निदेशक) ने दोनों पहलों की सराहना की। उन्होंने लोगों को स्वस्थ, सक्रिय और सशक्त राष्ट्र के निर्माण के लिए खेलों तथा शारीरिक व्यायाम को दैनिक जीवन का अभिन्न अंग बनाने के लिए प्रेरित किया।
दोनों कार्यक्रमों के माध्यम से फिटनेस संस्कृति को बढ़ावा देने, साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने और युवाओं को नशामुक्त जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करने का संदेश दिया गया। SAI NSRC लखनऊ की इन पहलों ने खेलों के माध्यम से सामुदायिक सहभागिता और जनभागीदारी को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण प्रयास किया।