- राज्य स्तरीय मुकाबलों में दमदार प्रदर्शन, अंडर-15 एकल में दो बार उपविजेता और युगल में बनीं प्रदेश चैंपियन
कानपुर, 26 अक्टूबर।
शहर की उभरती बैडमिंटन खिलाड़ी सान्विका गुप्ता ने अपने शानदार प्रदर्शन के दम पर राष्ट्रीय स्तर पर जगह बनाई है। वर्ष 2026 में आयोजित उत्तर प्रदेश की विभिन्न सब-जूनियर राज्य स्तरीय बैडमिंटन प्रतियोगिताओं में लगातार पदक जीतने वाली सान्विका का चयन अंडर-15 बालिका एकल वर्ग की राष्ट्रीय बैडमिंटन प्रतियोगिता के लिए हुआ है। यह प्रतियोगिता 30 नवंबर से 5 दिसंबर 2026 तक बेंगलुरु में आयोजित होगी। सान्विका के चयन से खेल जगत में खुशी की लहर है और शहरवासियों को उनसे राष्ट्रीय स्तर पर पदक जीतने की उम्मीद है।
राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में एक स्वर्ण और दो रजत पदक
गोरखपुर की शटलएक्स बैडमिंटन अकादमी में 21 से 25 अक्टूबर तक आयोजित योनेक्स-सनराइज यूपी सब-जूनियर बैडमिंटन चैंपियनशिप में सान्विका ने शानदार प्रदर्शन किया। उन्होंने अंडर-15 बालिका एकल वर्ग में दूसरा स्थान हासिल किया। वहीं, झांसी की आरुषि गर्ग के साथ जोड़ी बनाकर अंडर-15 बालिका युगल वर्ग में पहला स्थान प्राप्त किया और प्रदेश चैंपियन बनीं। इसके अलावा, गोरखपुर की अनुष्का सिंह के साथ जोड़ी बनाकर अंडर-17 बालिका युगल वर्ग में उपविजेता रहीं।
एकल और युगल मुकाबलों में भी दिखाया दम
इससे पहले 16 से 19 जुलाई 2026 तक मुरादाबाद में आयोजित योनेक्स-सनराइज सब-जूनियर उत्तर प्रदेश राज्य बैडमिंटन प्रतियोगिता के अंडर-17 बालिका युगल वर्ग में सान्विका ने तीसरा स्थान प्राप्त किया था।
वहीं, 29 अगस्त से 2 सितंबर तक मेरठ के स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में आयोजित योनेक्स-सनराइज द्वितीय सब-जूनियर यूपी स्टेट मेजर बैडमिंटन टूर्नामेंट में उन्होंने अंडर-15 बालिका एकल वर्ग में दूसरा स्थान हासिल किया। आरुषि गर्ग के साथ अंडर-15 बालिका युगल वर्ग में भी वह उपविजेता रहीं। विभिन्न प्रतियोगिताओं में उनके निरंतर प्रदर्शन ने राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए चयन का रास्ता मजबूत किया।
बैडमिंटन एसोसिएशन ने दी बधाई
सान्विका की उपलब्धि पर कानपुर बैडमिंटन एसोसिएशन के चेयरमैन मनोज पांडेय, अध्यक्ष डॉ. ए.के. अग्रवाल, उपाध्यक्ष धीरेंद्र सिंह एवं महीप सक्सेना, सचिव डी.पी. सिंह तथा रवि दीक्षित, सौरभ श्रीवास्तव, आशुतोष सत्यम झा और आशीष कुमार गौड़ ने हर्ष व्यक्त किया। पदाधिकारियों ने उन्हें बधाई देते हुए राष्ट्रीय प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन की शुभकामनाएं दीं और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। अब सान्विका बेंगलुरु में राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा दिखाने के लिए तैयार हैं।