गीतांजली के अर्धशतक से गाजीपुर मण्डल की विजयी शुरुआत, उन्नाव को 7 विकेट से हराया

 

 

 

 

  • स्पार्क कप के उद्घाटन मुकाबले में गीतांजली बनीं प्लेयर ऑफ द मैच, काजल की नाबाद पारी और गेंदबाजों का भी दमदार प्रदर्शन
  • डा. गौर हरि सिंहानिया स्मारक राज्य स्तरीय महिला क्रिकेट प्रतियोगिता का शुभारंभ, एस.एन. सिंह ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर किया उद्घाटन

 

कानपुर, 25 जून।

कानपुर क्रिकेट एसोसियेशन द्वारा आयोजित चतुर्थ डॉ. गौर हरि सिंहानिया स्मारक राज्य स्तरीय महिला क्रिकेट प्रतियोगिता ‘स्पार्क कप’ के उद्घाटन मुकाबले में गाजीपुर मण्डल ने शानदार प्रदर्शन करते हुए उन्नाव क्रिकेट एसोसियेशन को 7 विकेट से पराजित कर विजयी आगाज़ किया। लोको मैदान पर खेले गए मैच में गीतांजली ने शानदार 57 रन की अर्धशतकीय पारी खेली, जबकि काजल चौरसिया 28 रन बनाकर नाबाद रहीं। गेंदबाजी में आराध्या निगम और अंशिका यादव ने दो-दो विकेट लेकर टीम की जीत में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

पहले बल्लेबाजी करते हुए उन्नाव क्रिकेट एसोसियेशन ने निर्धारित 35 ओवर में 9 विकेट पर 124 रन बनाए। प्रज्ञा सिंह ने नाबाद 34 और शिवांगी गुप्ता ने 24 रन का योगदान दिया। गाजीपुर की ओर से आराध्या निगम ने 10 रन देकर 2 तथा अंशिका यादव ने 28 रन देकर 2 विकेट हासिल किए।

125 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी गाजीपुर मण्डल की टीम ने मात्र 23.5 ओवर में 3 विकेट खोकर लक्ष्य हासिल कर लिया। गीतांजली ने 57 रन की शानदार पारी खेली, जबकि काजल चौरसिया 28 रन बनाकर नाबाद लौटीं। उन्नाव की ओर से आस्था वर्मा ने 11 रन देकर 2 विकेट लिए।

गीतांजली को उनके हरफनमौला प्रदर्शन के लिए ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ चुना गया। उन्हें यह पुरस्कार उन्नाव क्रिकेट एसोसियेशन के सचिव पी.के. मिश्रा ने प्रदान किया।

इससे पूर्व प्रतियोगिता का उद्घाटन कानपुर क्रिकेट एसोसियेशन के अध्यक्ष एस.एन. सिंह एवं कम्पनी सेक्रेटरी जितेन्द्र अवस्थी ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर किया। मुख्य अतिथि का स्वागत कौशल कुमार सिंह ने किया। इस अवसर पर संजय तिवारी, रीता डे, पी.एस. नेगी, पूनम गुप्ता सहित अनेक खेल प्रेमी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन दिनेश कटियार ने किया।

अगला मुकाबला

26 जून को प्रातः 7:30 बजे गाजीपुर मण्डल का मुकाबला कानपुर (रेड) से होगा।

Leave a Comment