गुरु हर राय स्कूल में 22 से शुरू होगा तीन दिवसीय 3×3 बास्केटबॉल महाकुंभ

 

 

 

  • 100 से अधिक टीमें लेंगी हिस्सा, विभिन्न आयु वर्गों में होगा रोमांचक मुकाबला
  • उद्घाटन में अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी पूनम चतुर्वेदी रहेंगी विशेष अतिथि, समापन पर विजेताओं को ट्रॉफी व नकद पुरस्कार

कानपुर, 21 जून।

गुरु हर राय स्कूल, कोयला नगर में 22 से 24 जून 2026 तक तीन दिवसीय 3×3 बास्केटबॉल टूर्नामेंट का आयोजन किया जाएगा। प्रतियोगिता में अंडर-14, अंडर-17, अंडर-19 तथा सीनियर पुरुष एवं महिला वर्ग की स्पर्धाएं आयोजित होंगी। विजेता एवं उपविजेता टीमों को ट्रॉफी के साथ नकद पुरस्कार प्रदान किए जाएंगे।

टूर्नामेंट का उद्घाटन समारोह 22 जून को शाम 5 बजे आयोजित होगा। इस अवसर पर सरदार मनमोहन सिंह मुख्य अतिथि, सरदार जसबीर सिंह विशिष्ट अतिथि तथा अंतरराष्ट्रीय बास्केटबॉल खिलाड़ी पूनम चतुर्वेदी एवं गुरु हर राय स्कूल की प्रधानाचार्या मोनिका गुप्ता विशेष अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगी।

प्रतियोगिता का समापन एवं पुरस्कार वितरण समारोह 24 जून को होगा। समारोह में सीएचएस एजुकेशन फाउंडेशन के चेयरमैन चौधरी मोहित यादव मुख्य अतिथि, यूनाइटेड ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस के चेयरमैन इंद्र मोहन रोहतगी विशिष्ट अतिथि तथा उत्तर प्रदेश बास्केटबॉल एसोसिएशन के उपाध्यक्ष एवं पूर्व अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी आर.एस. बेदी विशेष अतिथि के रूप में शामिल होंगे।

टूर्नामेंट को डेकाथलॉन, नमस्ते इंडिया, लेट सावित्री माथुर मेमोरियल स्पोर्ट्स सोसायटी, गुरु हर राय स्कूल, क्वालिटी रबर प्रोडक्ट्स प्रा. लि. एवं ओम्यशा एंटरप्राइजेज का सहयोग प्राप्त है।

आयोजन अध्यक्ष के.के. यादव एवं आयोजन सचिव शोभित दीक्षित ने बताया कि प्रतियोगिता में 100 से अधिक टीमों ने पंजीकरण कराया है। सभी तैयारियां पूर्ण कर ली गई हैं तथा प्रतिदिन शाम 5 बजे से मुकाबले खेले जाएंगे। उन्होंने कहा कि यह प्रतियोगिता युवा खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने और प्रतिस्पर्धात्मक माहौल में अपनी क्षमता दिखाने का उत्कृष्ट मंच प्रदान करेगी।

Leave a Comment