गंगा तट पर योग की ऊर्जा, योग गैलेक्सी विला में अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस का भव्य आयोजन

 

 

  • सैकड़ों निवासियों ने सामूहिक योगाभ्यास में लिया हिस्सा, विशेषज्ञों ने बताए स्वस्थ जीवन के मंत्र
  • गंगा किनारे योग, प्राणायाम और ध्यान से गूंजा पूरा परिसर, वरिष्ठ नागरिकों के लिए चेयर योग रहा विशेष आकर्षण
  • योगाचार्यों और आयुष विशेषज्ञों ने स्वास्थ्य जागरूकता का दिया संदेश

कानपुर, 21 जून।

अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर शहर की प्रतिष्ठित एवं विशाल विला टाउनशिप योग गैलेक्सी विला ओनर्स सोसायटी में सामूहिक योगाभ्यास एवं स्वास्थ्य जागरूकता कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। गंगा नदी के पावन तट के समीप आयोजित इस विशेष कार्यक्रम में महिला, पुरुष, युवा एवं वरिष्ठ नागरिकों ने बड़ी संख्या में भाग लेकर योग के प्रति अपनी आस्था और प्रतिबद्धता का परिचय दिया।

कार्यक्रम का संचालन पतंजलि योगपीठ में प्रशिक्षित वरिष्ठ योगाचार्य विजय कुमार शर्मा, योग प्रशिक्षिका मिथलेश शर्मा तथा आयुष मंत्रालय से संबद्ध डॉ. खुशबू सिंह ने किया। योग विशेषज्ञों ने प्रतिभागियों को विभिन्न योगासन, प्राणायाम, ध्यान और स्वस्थ जीवनशैली के लाभों की जानकारी देते हुए नियमित योगाभ्यास अपनाने के लिए प्रेरित किया।

चेयर योग बना विशेष आकर्षण
कार्यक्रम में वरिष्ठ नागरिकों और विशेष आवश्यकता वाले प्रतिभागियों के लिए चेयर योग की विशेष व्यवस्था की गई। इस पहल को लोगों ने बेहद सराहा और इसे समावेशी योग कार्यक्रम की मिसाल बताया। योग विशेषज्ञों ने बताया कि चेयर योग बढ़ती उम्र में शरीर को सक्रिय और स्वस्थ बनाए रखने का सरल एवं प्रभावी माध्यम है।

पहली बार इतने बड़े स्तर पर हुआ आयोजन
सोसायटी के अध्यक्ष पियूष अग्रवाल एवं कार्यक्रम समन्वयक आनंद मोदी ने बताया कि योग गैलेक्सी विला ओनर्स सोसायटी के इतिहास में पहली बार अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस का आयोजन इतने भव्य और सुव्यवस्थित स्तर पर किया गया। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य, सामाजिक एकता और सकारात्मक जीवनशैली को बढ़ावा देने के उद्देश्य से आयोजित इस कार्यक्रम को निवासियों का अभूतपूर्व सहयोग और उत्साह प्राप्त हुआ।

योग गुरुओं का सम्मान, नियमित योग का संकल्प
योग सत्र के समापन पर योग प्रशिक्षकों एवं विशेषज्ञों को सम्मानित किया गया। उपस्थित लोगों ने योग को अपनी दैनिक दिनचर्या का हिस्सा बनाने और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का सामूहिक संकल्प भी लिया।

कार्यक्रम में सचिन अग्रवाल, गौरव कनोड़िया, संतोष त्रिवेदी, विजेता गुप्ता, मोनिका बाजपेयी सहित बड़ी संख्या में निवासी मौजूद रहे।

Leave a Comment