- लखनऊ में आयोजित बैठक में संगठन विस्तार और खेल विकास पर हुई व्यापक चर्चा
- अध्यक्ष विशाल गुप्ता की मौजूदगी में सर्वसम्मति से लिया गया निर्णय, पदाधिकारियों ने दी शुभकामनाएं
कानपुर/लखनऊ, 17 जून।
उत्तर प्रदेश बॉक्सिंग एसोसिएशन की आवश्यक बैठक मंगलवार को गोमती नगर स्थित राजभोग रेस्टोरेंट, कामता चौराहा में एसोसिएशन के अध्यक्ष श्री विशाल गुप्ता की अध्यक्षता में सम्पन्न हुई। बैठक में प्रदेश के विभिन्न जनपदों से आए प्रतिनिधियों एवं पदाधिकारियों ने भाग लेकर संगठन से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर विचार-विमर्श किया।

बैठक के दौरान संगठन को और अधिक सशक्त बनाने, प्रदेश में बॉक्सिंग गतिविधियों के विस्तार तथा खिलाड़ियों को बेहतर अवसर उपलब्ध कराने के संबंध में विस्तृत चर्चा की गई। उपस्थित सदस्यों ने खेल के विकास एवं संगठनात्मक मजबूती के लिए अपने सुझाव भी प्रस्तुत किए।
बैठक का प्रमुख आकर्षण श्री संजीव राय की पदोन्नति रही। संगठन के प्रति उनके उत्कृष्ट योगदान, सक्रिय भूमिका एवं समर्पण को देखते हुए कार्यकारिणी सदस्य पद से पदोन्नत कर उन्हें उत्तर प्रदेश Boxing Association का प्रदेश उपाध्यक्ष नियुक्त किया गया। यह निर्णय सर्वसम्मति से लिया गया।
अध्यक्ष श्री विशाल गुप्ता ने नवनियुक्त प्रदेश उपाध्यक्ष श्री संजीव राय को बधाई देते हुए कहा कि उनके अनुभव, कार्यशैली एवं नेतृत्व क्षमता से प्रदेश में बॉक्सिंग खेल को नई दिशा और गति मिलेगी। वहीं उपस्थित पदाधिकारियों ने भी श्री राय को शुभकामनाएं देते हुए उनके सफल कार्यकाल की कामना की।
बैठक का समापन सभी सदस्यों के प्रति धन्यवाद ज्ञापन के साथ किया गया।