कानपुर खो-खो प्रीमियर लीग 2026 के लिए खिलाड़ी पंजीकरण शुरू

 

 

  • ‘खेलेगा कानपुर, खिलेगा कानपुर’ थीम पर आयोजित होगी प्रतियोगिता, प्रदेशभर के खिलाड़ियों को मिलेगा मंच
  • ऑक्शन के जरिए 8 फ्रेंचाइजी टीमों में होगा चयन, प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को मिलेगा पेशेवर प्रतिस्पर्धा का अवसर

 

कानपुर, 13 जून।

कानपुर जिला खो-खो संघ के तत्वावधान में आयोजित होने वाली “कानपुर खो-खो प्रीमियर लीग (KKPL) 2026” के लिए खिलाड़ियों का ऑनलाइन पंजीकरण शनिवार से प्रारंभ कर दिया गया। “खेलेगा कानपुर, खिलेगा कानपुर” थीम पर आयोजित होने वाली इस लीग का उद्देश्य कानपुर और उत्तर प्रदेश के उभरते खो-खो खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने के लिए एक पेशेवर मंच उपलब्ध कराना है।

कानपुर जिला खो-खो संघ के सचिव विपिन सोनकर और कंपटीशन डायरेक्टर शिवलाल यादव ने बताया कि लीग के माध्यम से खिलाड़ियों को उच्च स्तरीय प्रतिस्पर्धा का अनुभव प्राप्त होगा, जिससे उन्हें राज्य और राष्ट्रीय स्तर पर पहचान बनाने में मदद मिलेगी।

उन्होंने बताया कि कानपुर सहित उत्तर प्रदेश के सभी जनपदों के इच्छुक खिलाड़ी प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए पंजीकरण करा सकते हैं। पंजीकरण प्रक्रिया पूरी होने के बाद खिलाड़ियों का चयन ऑक्शन के माध्यम से किया जाएगा। चयनित खिलाड़ियों को आठ फ्रेंचाइजी टीमों में शामिल किया जाएगा, जहां उन्हें प्रतिस्पर्धात्मक माहौल में खेलने का अवसर मिलेगा।

संघ ने सभी खिलाड़ियों से निर्धारित ऑनलाइन लिंक अथवा पोस्टर पर उपलब्ध क्यूआर कोड के माध्यम से जल्द से जल्द अपना पंजीकरण पूरा करने की अपील की है।

मीडिया प्रभारी अभिमन्यु सिंह ने बताया कि लीग के सफल आयोजन के लिए तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। प्रतियोगिता के आयोजन में कानपुर स्पोर्ट्स एंड कल्चरल इवेंट्स फाउंडेशन एसोसिएट पार्टनर के रूप में सहयोग कर रहा है।

Leave a Comment