सर पदमपत सिंघानिया स्कूल बना इंटर स्कूल टेबल टेनिस टीम चैंपियन

 

 

  • चार दिवसीय प्रतियोगिता में मेजबान दि चिंटेल्स स्कूल को दी शिकस्त, विभिन्न आयु वर्गों में खिलाड़ियों ने दिखाया दमखम
  • आशुतोष गुप्ता, विहान, देवर्षिका शुक्ला और हितांशी पोप्तानी ने दो-दो स्पर्धाओं में जीते खिताब

 

कानपुर, 16 अक्टूबर।

कानपुर टेबल टेनिस एसोसिएशन (केटीटीए) के सहयोग से दि चिंटेल्स स्कूल, कल्याणपुर में 13 से 16 अक्टूबर तक आयोजित चार दिवसीय इंटर स्कूल टेबल टेनिस चैंपियनशिप का समापन उत्साहपूर्ण माहौल में हुआ। प्रतियोगिता की टीम चैंपियनशिप में सर पदमपत सिंघानिया स्कूल ने मेजबान दि चिंटेल्स स्कूल, कल्याणपुर को पराजित कर विजेता ट्रॉफी अपने नाम की। प्रतियोगिता में शहर के विभिन्न विद्यालयों के खिलाड़ियों ने अंडर-9 से अंडर-19 आयु वर्गों के साथ ओपन वर्ग में भी उत्कृष्ट खेल कौशल का प्रदर्शन किया।

समापन समारोह में उत्तर प्रदेश टेबल टेनिस संघ के चेयरमैन संजीव पाठक, दि चिंटेल्स स्कूल की डायरेक्टर कविशा विज, प्रधानाचार्य स्मिता धवन तथा कानपुर टेबल टेनिस एसोसिएशन के सचिव संजय टंडन उपस्थित रहे। अतिथियों ने खिलाड़ियों के प्रदर्शन की सराहना करते हुए उन्हें निरंतर अभ्यास और बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रेरित किया।

प्रतियोगिता में आशुतोष गुप्ता, विहान, देवर्षिका शुक्ला और हितांशी पोप्तानी ने दो-दो स्पर्धाओं में खिताब जीतकर अपनी प्रतिभा का शानदार परिचय दिया।

प्रतियोगिता के प्रमुख परिणाम

बालिका अंडर-9 वर्ग: हितांशी पोप्तानी ने फाइनल में माही सिंह को 11-3, 11-7 से हराकर खिताब जीता। सेमीफाइनल में हितांशी ने मिस्टी तिवारी और माही ने भव्या मीणा को पराजित किया।

बालक अंडर-9 वर्ग: मृण्णांक बागची ने फाइनल में रुद्रांश सिंह को 9-11, 11-3, 11-5 से हराकर खिताब अपने नाम किया। सेमीफाइनल में मृण्णांक ने अनिकेत राज दुबे और रुद्रांश ने वेदांश पांडे को हराया।

बालिका अंडर-11 वर्ग: हितांशी पोप्तानी ने फाइनल में मिस्टी तिवारी को 11-4, 11-8 से हराकर दूसरा खिताब जीता।

बालक अंडर-11 वर्ग: उन्मुक्त ठाकुर ने फाइनल में सौरवीर विज को 11-8, 4-11, 11-9 से हराकर विजेता बनने का गौरव हासिल किया।

बालिका अंडर-13 वर्ग: देवर्षिका शुक्ला ने फाइनल में पंखुरी को 11-7, 11-3 से पराजित कर खिताब जीता।

बालक अंडर-13 वर्ग: अधिराज मजूमदार ने फाइनल में ध्रुवांक को 11-9, 11-9 से हराकर विजेता का खिताब हासिल किया।

बालिका अंडर-15 वर्ग: देवर्षिका शुक्ला ने फाइनल में अन्या गुप्ता को 11-9, 11-9 से हराकर दूसरा खिताब अपने नाम किया।

बालक अंडर-15 वर्ग: विहान ने फाइनल में मानस पोप्तानी को 12-10, 11-6 से हराकर खिताब जीता।

बालिका अंडर-17 वर्ग: प्रेक्षा तिवारी ने फाइनल में देवर्षिका शुक्ला को 11-8, 11-9 से पराजित कर खिताब अपने नाम किया।

बालक अंडर-17 वर्ग: आशुतोष गुप्ता ने फाइनल में दक्ष खंडेलवाल को 6-11, 11-9, 11-7 से हराकर विजेता का खिताब जीता।

बालिका अंडर-19 वर्ग: मुस्कान सोनकर ने फाइनल में अवाना लायल को हराकर खिताब अपने नाम किया।

बालक अंडर-19 वर्ग: आशुतोष गुप्ता ने फाइनल में उज्ज्वल अवस्थी को हराकर दूसरा खिताब जीता।

ओपन महिला वर्ग: तान्या ने फाइनल में प्रेक्षा तिवारी को हराकर विजेता बनने का गौरव हासिल किया।

ओपन पुरुष वर्ग: दक्ष खंडेलवाल ने फाइनल में उज्ज्वल अवस्थी को पराजित कर खिताब अपने नाम किया।

चार दिवसीय प्रतियोगिता ने शहर के स्कूली खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा और प्रतिस्पर्धात्मक क्षमता प्रदर्शित करने का अवसर दिया। आयोजन के अंत में आयोजकों ने प्रतियोगिता को सफल बनाने में सहयोग देने वाले विद्यालयों, खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों और अधिकारियों के प्रति आभार व्यक्त किया।

Leave a Comment