- पौधारोपण, पोस्टर और जनजागरूकता कार्यक्रमों के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण का लिया संकल्प
- कौशल्या देवी बालिका इंटर कॉलेज से हुआ अभियान का शुभारंभ, विद्यार्थियों ने बढ़-चढ़कर निभाई सहभागिता
कानपुर, 5 जून।
विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर भारत स्काउट एवं गाइड, कानपुर नगर द्वारा विभिन्न विद्यालयों में पौधारोपण एवं जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। इस अवसर पर जिला सचिव सर्वेश तिवारी ने लोगों से प्रकृति के प्रति संवेदनशील होने का आह्वान करते हुए कहा कि “पेड़ लगाओ, उसकी बातें सुनो। एक बार उसके तने और पत्तों से कान लगाकर तो देखो, उनसे जो ध्वनियां सुनाई देंगी, वे धरती की सबसे निर्मल ध्वनियां हैं। जितनी अधिक ये ध्वनियां सुनाई देंगी, हमारा जीवन उतना ही सहज और सुखद होगा।”

उन्होंने कहा कि हमारे पूर्वजों का अधिकांश जीवन वृक्षों के साये में बीता और भारतीय संस्कृति का विकास भी प्रकृति के सानिध्य में हुआ। वृक्ष न केवल निरोग और तनावमुक्त जीवन का आधार हैं, बल्कि पर्यावरण संतुलन के भी सबसे बड़े संरक्षक हैं। आधुनिकता की अंधी दौड़ में वृक्षों के अंधाधुंध कटान ने पर्यावरण को गंभीर क्षति पहुंचाई है, जिसे अब सामूहिक प्रयासों से सुधारने की आवश्यकता है।

कार्यक्रम का शुभारंभ जिला आयुक्त गाइड डॉ. स्मित तिवारी के नेतृत्व में कौशल्या देवी बालिका इंटर कॉलेज में पौधारोपण के साथ किया गया। इस अवसर पर जिला संगठन आयुक्त गाइड श्रीमती प्रीति तिवारी, जिला संगठन आयुक्त स्काउट कौशल राय तथा जिला प्रशिक्षण आयुक्त स्काउट कौशल विश्वकर्मा ने उन्हें गमला भेंट कर सम्मानित किया।

मुख्यालय आयुक्त श्रीमती सविता यादव के नेतृत्व में एस.एन. सेन गर्ल्स इंटर कॉलेज की गाइड प्रभारी श्रीमती ज्योति यादव एवं छात्राओं ने वृक्षारोपण अभियान को गति दी। वहीं गाइड कैप्टन श्रीमती शैलजा रावत ने बच्चों के साथ पोस्टर और स्लोगन के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण का संदेश प्रसारित किया। हर सहाय जगदंबा सहाय इंटर कॉलेज के विद्यार्थियों ने पौधों को गमलों में संरक्षित कर पर्यावरण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की।