- वोक्सेल वैलिएंट्स ने 148 रन से दर्ज की बड़ी जीत, अनुप दीक्षित ने झटके पांच विकेट
कानपुर, 4 अक्टूबर।
यूनाइटेड चैंपियंस लीग (United Champions League) सीजन-2 के तहत रविवार को खेले गए तीन लीग मुकाबलों में रोमांचक क्रिकेट देखने को मिला। वोक्सेल वैलिएंट्स ने फ्रेंड्स 11 यूसीएल को 148 रन से हराया, जबकि ऑरेंज आर्मी ने ए-टीम यूसीएल को तीन विकेट से शिकस्त दी। दिन के तीसरे मुकाबले में वी वॉरियर्स ने एस्पिरिस यूसीएल को 14 रन से पराजित किया।
शौर्य की तूफानी पारी, अनुप की घातक गेंदबाजी
जेएमडी वर्ल्ड स्कूल ग्राउंड पर वोक्सेल वैलिएंट्स ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 25 ओवर में नौ विकेट पर 241 रन बनाए। शौर्य त्रिपाठी (तुलसानी) ने 47 गेंदों पर आठ चौकों और पांच छक्कों की मदद से नाबाद 83 रन की शानदार पारी खेली। राहुल कुमार ने 40 गेंदों पर 55 रन बनाए।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी फ्रेंड्स 11 यूसीएल की टीम 17.1 ओवर में 93 रन पर सिमट गई। आयुष मंधानी ने 27 रन बनाए। वोक्सेल वैलिएंट्स की ओर से अनुप दीक्षित ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 3.1 ओवर में मात्र नौ रन देकर पांच विकेट हासिल किए। डॉ. सचिन और अमित गुप्ता ने दो-दो विकेट लिए। वोक्सेल वैलिएंट्स ने 148 रन से मुकाबला अपने नाम किया।
शारिल और सेयान की पारियों से ऑरेंज आर्मी की जीत
राकेश मसाला ग्राउंड पर खेले गए दूसरे मुकाबले में ऑरेंज आर्मी ने ए-टीम यूसीएल को तीन विकेट से हराया। पहले बल्लेबाजी करते हुए ए-टीम यूसीएल की टीम 28.4 ओवर में 136 रन पर ऑलआउट हो गई। शशांक शेखर ने 34 और अमित एनजे ने 24 रन बनाए। ऑरेंज आर्मी के देवेंद्र सिंह ने छह ओवर में 24 रन देकर तीन विकेट लिए, जबकि नितिन बत्रा और सत्यम को दो-दो सफलताएं मिलीं।
137 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए ऑरेंज आर्मी ने शुरुआत में विकेट गंवाए, लेकिन शारिल ने 42 गेंदों पर 41 रन और सेयान ने 33 रन बनाकर टीम को संभाला। सत्यम ने नाबाद 16 रन बनाकर टीम को 28.4 ओवर में सात विकेट पर 138 रन तक पहुंचाया और तीन विकेट से जीत दिलाई।
रोहित और अमर के योगदान से वी वॉरियर्स विजयी
टीएसएच पालिका ग्राउंड पर वी वॉरियर्स ने एस्पिरिस यूसीएल को 14 रन से हराया। वी वॉरियर्स ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 25 ओवर में पांच विकेट पर 161 रन बनाए। रोहित धवन ने 47 गेंदों पर 47 रन बनाए, जबकि महेंद्र सिंह चंदेल ने 31 और अमर पांडे ने 28 रन का योगदान दिया।
जवाब में एस्पिरिस यूसीएल की टीम 25 ओवर में पांच विकेट पर 147 रन ही बना सकी। आसिफ अम्मार ने 39 गेंदों पर 53 रन की शानदार पारी खेली, हालांकि वह रिटायर्ड हर्ट हो गए। वी वॉरियर्स की ओर से विनय चौबे ने पांच ओवर में 34 रन देकर दो विकेट हासिल किए। अंततः वी वॉरियर्स ने 14 रन से मुकाबला जीत लिया।