- ग्रीन पार्क स्टेडियम में ट्रायल, खिलाड़ियों को अनिवार्य रूप से सभी दस्तावेज साथ लाने के निर्देश
- सहारनपुर में आयोजित होने वाली राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए बालक एवं बालिका वर्ग की टीम चुनी जाएगी
कानपुर, 5 जून।
सब जूनियर बालक एवं बालिका राज्य स्तरीय बॉक्सिंग प्रतियोगिता के लिए कानपुर जनपद एवं मंडल की टीम का चयन 6 जून 2026 को ग्रीन पार्क स्टेडियम में किया जाएगा। इस संबंध में कानपुर एमेच्योर बॉक्सिंग एसोसिएशन एवं क्षेत्रीय खेल कार्यालय की ओर से सभी खेल अकादमियों, स्कूलों एवं प्रशिक्षकों को सूचना जारी की गई है।
जानकारी के अनुसार बालक वर्ग की प्रतियोगिता 10 जून से 13 जून 2026 तथा बालिका वर्ग की प्रतियोगिता 15 जून से 18 जून 2026 तक सहारनपुर में आयोजित होगी। इन प्रतियोगिताओं में प्रतिभाग करने वाली कानपुर मंडल की टीम के चयन के लिए 6 जून को सुबह 9 बजे खिलाड़ियों का स्वास्थ्य परीक्षण एवं वजन लिया जाएगा, जबकि चयन प्रक्रिया सुबह 11 बजे से प्रारंभ होगी।
आयोजकों ने स्पष्ट किया है कि चयन ट्रायल में भाग लेने वाले खिलाड़ियों को अपना आधार कार्ड, माता-पिता का आधार कार्ड, नगर निगम द्वारा जारी जन्म प्रमाण पत्र, कक्षा 5, कक्षा 8 अथवा हाईस्कूल का रिपोर्ट कार्ड जिसमें जन्मतिथि अंकित हो तथा मुख्य चिकित्सा अधिकारी द्वारा जारी आयु प्रमाण पत्र अनिवार्य रूप से साथ लाना होगा। आवश्यक दस्तावेज न होने पर खिलाड़ियों को चयन प्रक्रिया में शामिल नहीं किया जाएगा।
प्रतियोगिता के नियमों के अनुसार प्रत्येक भार वर्ग में केवल एक खिलाड़ी का चयन किया जाएगा। बालक वर्ग में वही खिलाड़ी पात्र होंगे जिनकी जन्मतिथि 1 जनवरी 2012 से 31 दिसंबर 2013 के बीच है।
क्षेत्रीय क्रीड़ा अधिकारी श्री कर्मवीर सिंह यादव, कानपुर एमेच्योर बॉक्सिंग एसोसिएशन के अध्यक्ष श्याम मिश्रा, सचिव संजीव दीक्षित एवं कोषाध्यक्ष भगवान दीन ने सभी खिलाड़ियों और प्रशिक्षकों से निर्धारित समय पर उपस्थित होने की अपील की है।