- ए एस क्रिकेट एकेडमी की पहल — खेल के जरिए बच्चों को स्क्रीन टाइम से दूर रखने का प्रयास
- लीग आधार पर होंगे मुकाबले, फाइनल में पहुंचेगी शीर्ष दो टीमें
कानपुर, 25 मई।
ए एस क्रिकेट एकेडमी द्वारा आयोजित द्वितीय आनंद राव पाटिल मेमोरियल अंडर-12 क्रिकेट टूर्नामेंट फॉर पॉलिकेयर ट्रॉफी का आयोजन 31 मई से ऐतिहासिक बिठूर स्थित मैदान में किया जाएगा। प्रतियोगिता का उद्देश्य वर्षभर प्रशिक्षण प्राप्त करने वाले नौनिहाल खिलाड़ियों को प्रतिस्पर्धात्मक मंच प्रदान करना और उनके खेल कौशल को निखारना है।
एकेडमी के सदस्यों की बैठक में टूर्नामेंट सचिव पूजा पाटिल ने जानकारी देते हुए बताया कि प्रतियोगिता में कानपुर टाइटंस, जेबी फाइटर, आयंस इंडिया और मेहरोत्रा डेंटल की टीमें हिस्सा लेंगी। सभी मुकाबले लीग आधार पर खेले जाएंगे, जिसमें शीर्ष दो टीमें फाइनल में प्रवेश करेंगी। प्रत्येक टीम में 14 खिलाड़ी शामिल होंगे तथा सभी खिलाड़ियों को फाइनल मुकाबले में पुरस्कृत किया जाएगा।
एकेडमी के सचिव एवं एनआईएस कोच प्रमोद पाटिल ने बताया कि टूर्नामेंट 25 ओवर के रंगीन ड्रेस मुकाबलों के रूप में खेला जाएगा। उन्होंने कहा कि एकेडमी का मुख्य उद्देश्य बच्चों में खेल भावना विकसित करना, स्वस्थ प्रतिस्पर्धा को बढ़ावा देना और उन्हें तनावमुक्त जीवन की ओर प्रेरित करना है। साथ ही वर्तमान समय में बढ़ते मोबाइल और स्क्रीन टाइम से बच्चों को दूर कर खेल के प्रति आकर्षित करना भी इस आयोजन का प्रमुख लक्ष्य है।
उन्होंने कहा कि खेल बच्चों के मानसिक और शारीरिक विकास का महत्वपूर्ण माध्यम है तथा क्रिकेट जैसे खेल अनुशासन, संघर्ष और टीम भावना सिखाते हैं। एकेडमी भविष्य में भी ऐसे आयोजनों के माध्यम से प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को आगे बढ़ाने का कार्य करती रहेगी।
इस अवसर पर प्रमोद पाटिल, पूजा पाटिल, सर्वेश तिवारी, विकास सिंह, डॉ. अभिषेक बाजपेयी, डॉ. अंकित मेहरोत्रा, श्रवण शुक्ला और संस्कार गुप्ता सहित कई लोग उपस्थित रहे।