एलाइट नेशनल फिजिकल डिसेबिलिटी टी-20 चैंपियनशिप में उत्तर प्रदेश का विजयी आगाज

 

 

  • राजस्थान और जम्मू-कश्मीर को हराकर यूपी टीम ने लगातार दूसरी जीत दर्ज की, खिलाड़ियों ने दिखाया शानदार जज्बा
  • विंटू यादव और चिंटू चौधरी बने जीत के हीरो, अब कल ओडिशा से होगा अहम मुकाबला

 

बेंगलुरु/कानपुर।

बेंगलुरु में आयोजित 5वीं एलाइट नेशनल फिजिकल डिसेबिलिटी टी-20 क्रिकेट चैंपियनशिप 2026 में उत्तर प्रदेश डिफरेंटली एबल्ड क्रिकेट एसोसिएशन (UPDACA) की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए लगातार दो मुकाबलों में जीत दर्ज कर टूर्नामेंट में दमदार शुरुआत की है। टीम ने पहले मैच में जम्मू-कश्मीर को 8 विकेट से हराया, जबकि दूसरे मुकाबले में राजस्थान को बड़े अंतर से मात देकर अपनी दावेदारी मजबूत कर दी।

पहले मुकाबले में जम्मू-कश्मीर की टीम ने निर्धारित 20 ओवर में 128 रन बनाए। जवाब में उत्तर प्रदेश की टीम ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 17 ओवर में ही 130 रन बनाकर मुकाबला 8 विकेट से अपने नाम कर लिया। इस मैच में विंटू यादव ने बेहतरीन ऑलराउंड प्रदर्शन करते हुए नाबाद 53 रन बनाए और गेंदबाजी में भी एक विकेट हासिल किया। उनके शानदार प्रदर्शन के लिए उन्हें ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ चुना गया।

इसके बाद खेले गए दूसरे मुकाबले में उत्तर प्रदेश ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 182 रन का मजबूत स्कोर खड़ा किया। लक्ष्य का पीछा करने उतरी राजस्थान की टीम 126 रन पर सिमट गई और उत्तर प्रदेश ने यह मुकाबला बड़े अंतर से जीत लिया। इस मैच में चिंटू चौधरी ने विस्फोटक बल्लेबाजी करते हुए 28 गेंदों में नाबाद 48 रन बनाए, जिसमें 6 चौके और 2 छक्के शामिल रहे। गेंदबाजी में भी उन्होंने 2 विकेट हासिल कर टीम की जीत में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। शानदार प्रदर्शन के चलते उन्हें ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ घोषित किया गया।

उत्तर प्रदेश टीम की लगातार दो जीत के बाद खिलाड़ियों और टीम प्रबंधन में उत्साह का माहौल है। टीम के खिलाड़ियों ने कहा कि उनका लक्ष्य इस बार चैंपियनशिप का खिताब जीतना है। टीम के कोच और पदाधिकारियों ने खिलाड़ियों के जुझारूपन और अनुशासन की सराहना की।

अब उत्तर प्रदेश टीम का अगला मुकाबला कल ओडिशा के खिलाफ खेला जाएगा। टीम जीत की लय को बरकरार रखते हुए टूर्नामेंट में अपनी स्थिति और मजबूत करने के इरादे से मैदान में उतरेगी।

 

 

Leave a Comment