- कानपुर विद्या मंदिर महिला इंटर कॉलेज में हुई जिला स्तरीय प्रतियोगिता, आठ विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने किया प्रतिभाग
- अंडर-14, अंडर-17 और अंडर-19 वर्ग में खिलाड़ियों ने किया शानदार प्रदर्शन, विजेता खिलाड़ियों को मिली सफलता की बधाई
कानपुर, 19 सितंबर।
कानपुर विद्या मंदिर महिला इंटर कॉलेज, स्वरूप नगर में शनिवार को जिला विद्यालयीय योग प्रतियोगिता 2026-27 का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता का उद्घाटन विद्यालय की प्रधानाचार्या श्रीमती सुषमा देवी ने किया। उद्घाटन संबोधन में उन्होंने छात्र-छात्राओं को स्वस्थ जीवनशैली के लिए योग को आवश्यक बताते हुए नियमित रूप से योग को अपनी दिनचर्या में शामिल करने का संदेश दिया।
कार्यक्रम का संचालन श्रीमती स्नेहलता यादव ने किया। आयोजन सचिव श्रीमती नीता त्रिपाठी ने उपस्थित अतिथियों एवं प्रतिभागियों का स्वागत करते हुए उन्हें बैज लगाए। प्रतियोगिता में कुल आठ विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने विभिन्न आयु वर्गों में प्रतिभाग किया।
इस अवसर पर मंडलीय सचिव अनुराग मिश्रा, जिला क्रीड़ा सचिव सत्य प्रकाश तिवारी, हरी किशन चुल्ला, कल्पना अग्निहोत्री, निकिता, अशोक सिंह तथा योग एसोसिएशन ऑफ उत्तर प्रदेश के महासचिव शोभित पाण्डेय सहित अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे।

अंडर-14 में वंश और प्रियांशी ने मारी बाजी
निर्णायक मंडल द्वारा घोषित परिणामों में अंडर-14 बालक वर्ग में श्री मारवाड़ी इंटर कॉलेज के वंश यादव ने प्रथम स्थान हासिल किया। वहीं अंडर-14 बालिका वर्ग में कानपुर विद्या मंदिर महिला इंटर कॉलेज की कु. प्रियांशी प्रथम रहीं, जबकि जीजीआईसी चुनिगंज की कु. तन्वी ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया।
अंडर-17 में आदित्य और रेशमी अव्वल
अंडर-17 बालक वर्ग में श्री मारवाड़ी इंटर कॉलेज के आदित्य गोस्वामी ने प्रथम और इसी विद्यालय के आर्यन ने द्वितीय स्थान हासिल किया। अंडर-17 बालिका वर्ग में कानपुर विद्या मंदिर महिला इंटर कॉलेज की कु. रेशमी ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। गुरुनानक इंटर कॉलेज, लाटूश रोड की कु. एंजल साहू द्वितीय रहीं।
अंडर-19 बालिका वर्ग में रिया प्रथम
अंडर-19 बालिका वर्ग में जुहारी देवी गर्ल्स इंटर कॉलेज की कु. रिया ने प्रथम स्थान हासिल किया, जबकि कानपुर विद्या मंदिर महिला इंटर कॉलेज की कु. नित्या ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया।
कार्यक्रम के अंत में विद्यालय की प्रवक्ता श्रीमती चन्द्रकान्ति ने सभी प्रतिभागियों, निर्णायक मंडल एवं अतिथियों का आभार व्यक्त किया। प्रतियोगिता के माध्यम से विद्यार्थियों ने योग के प्रति अपनी रुचि और प्रतिभा का प्रदर्शन किया।