- 62 वर्षीय नितिन वार्ष्णेय से लेकर 8 वर्षीय सान्वी तक ने जीते गोल्ड मेडल
- सभी विजेता अहमदाबाद में होने वाले नेशनल गेम्स के लिए चयनित
लखनऊ, 20 मई।
मथुरा में 19 फरवरी 2026 को आयोजित यूपी स्टेट मॉडर्न पेंटाथलॉन चैंपियनशिप के बायथल इवेंट में लखनऊ के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए कई स्वर्ण, रजत और कांस्य पदक अपने नाम किए। प्रतियोगिता में स्पोर्ट्स अथॉरिटी ऑफ इंडिया (SAI) लखनऊ स्विमिंग पूल से जुड़े खिलाड़ियों ने अपनी प्रतिभा, फिटनेस और अनुशासन का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता में सबसे खास उपलब्धि 62 वर्षीय मास्टर स्विमर नितिन वार्ष्णेय की रही, जिन्होंने इस उम्र में भी गोल्ड मेडल जीतकर सभी को प्रेरित किया। वहीं वार्ष्णेय परिवार की सबसे छोटी सदस्य 8 वर्षीय सान्वी वार्ष्णेय ने भी अंडर-9 गर्ल्स वर्ग में गोल्ड मेडल जीतकर सभी का ध्यान आकर्षित किया।
बायथल इवेंट को मॉडर्न पेंटाथलॉन की सबसे चुनौतीपूर्ण प्रतियोगिताओं में माना जाता है, जिसमें खिलाड़ियों को पहले दौड़ना, फिर तैराकी करना और उसके बाद दोबारा दौड़ पूरी करनी होती है। कठिन शारीरिक क्षमता और स्टैमिना की मांग करने वाले इस इवेंट में लखनऊ के खिलाड़ियों ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए प्रदेश स्तर पर अपनी मजबूत पहचान बनाई।

प्रतियोगिता में मास्टर ए वर्ग में नितिन वार्ष्णेय ने गोल्ड मेडल जीता। बॉयज़ अंडर-15 वर्ग में अंश खुराना ने स्वर्ण पदक हासिल किया, जबकि बॉयज़ अंडर-13 वर्ग में सर्वांग राठौर ने गोल्ड मेडल अपने नाम किया। गर्ल्स अंडर-13 वर्ग में इनाया कौशिक ने शानदार प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक जीता। गर्ल्स अंडर-11 वर्ग में आदित्री राठौर ने गोल्ड और सताक्षी कौशिक ने सिल्वर मेडल हासिल किया। मास्टर मेन सी वर्ग में अपूर्व राठौर ने कांस्य पदक जीता, जबकि मास्टर वूमेन सी वर्ग में पूनम कौशिक ने गोल्ड मेडल अपने नाम किया। इसके अलावा अंडर-9 गर्ल्स वर्ग में सान्वी वार्ष्णेय ने भी गोल्ड मेडल जीतकर लखनऊ का गौरव बढ़ाया।
प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन करने वाले सभी खिलाड़ियों का चयन अब आगामी नेशनल गेम्स के लिए हुआ है, जो 31 मई से 6 जून तक अहमदाबाद में आयोजित होंगे। खिलाड़ियों की इस उपलब्धि पर खेल प्रेमियों और प्रशिक्षकों ने खुशी जताते हुए इसे लखनऊ के खेल जगत के लिए गौरवपूर्ण क्षण बताया है।