- कानपुर साउथ मैदान पर भव्य उद्घाटन समारोह में टीमों की हुई घोषणा, खिलाड़ियों को वितरित की गई किट
- रणजी और इंडिया-A टीम के पूर्व खिलाड़ी अंकित सिंह राजपूत ने कहा- जे॰एन॰टी॰ प्रदेश क्रिकेट की नई पौध तैयार कर रही है
- 12 टीमों के बीच होगा रोमांचक क्रिकेट संग्राम, केसीए पदाधिकारियों और विशिष्ट अतिथियों ने संस्था के प्रयासों की सराहना की
कानपुर, 17 मई।
कानपुर क्रिकेट एसोसिएशन (केसीए) से आबद्ध जे॰एन॰टी॰ स्पोर्ट्स वेल्फेयर फाउंडेशन द्वारा आयोजित सिग्मा ग्रिपलॉक ट्रॉफी के लिए खेली जाने वाली 14वीं जे॰एन॰टी॰ अंडर-12 क्रिकेट लीग 2026 का रविवार को कानपुर साउथ मैदान पर भव्य और रंगारंग उद्घाटन समारोह आयोजित किया गया। क्रिकेट के नन्हे खिलाड़ियों के उत्साह और आकर्षक आतिशबाजी के बीच प्रतियोगिता का शुभारंभ हुआ।
समारोह में लॉटरी प्रक्रिया के माध्यम से सभी टीमों के नामों की घोषणा की गई, जिसके बाद खिलाड़ियों को उनकी टीम किट वितरित की गई। आयोजन स्थल पर खिलाड़ियों, अभिभावकों और खेल प्रेमियों में खासा उत्साह देखने को मिला।
प्रदेश क्रिकेट की नई पौध तैयार कर रही जे॰एन॰टी॰ संस्था : अंकित सिंह राजपूत
समारोह के विशिष्ट अतिथि उत्तर प्रदेश रणजी टीम एवं इंडिया-A टीम के सदस्य रह चुके क्रिकेटर अंकित सिंह राजपूत ने जे॰एन॰टी॰ संस्था और केसीए का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि संस्था बेहद मेहनत और समर्पण के साथ प्रदेश क्रिकेट के लिए नई प्रतिभाएं तैयार कर रही है। उन्होंने कहा कि इस प्रकार की प्रतियोगिताएं नन्हे खिलाड़ियों को शुरुआती स्तर पर बड़ा मंच और आत्मविश्वास प्रदान करती हैं।
विशिष्ट अतिथि रियासत अली (निदेशक, उत्तर प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन) और विवेक कुमार मिश्रा (एसडीएम महाराजपुर) ने भी अपने संबोधन में जे॰एन॰टी॰ संस्था द्वारा किए जा रहे प्रयासों की सराहना की। उन्होंने चयनकर्ताओं और आयोजकों को धन्यवाद देते हुए कहा कि इस तरह की लीग भविष्य में प्रदेश क्रिकेट को नई ऊंचाइयों तक ले जाने में मददगार साबित होगी।
पूरे प्रदेश में लीग आयोजित करने का अनुरोध
जे॰एन॰टी॰ संस्था के निदेशक अशद कमल इराक़ी ने उत्तर प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन से अनुरोध किया कि जे॰एन॰टी॰ अंडर-12 क्रिकेट लीग को प्रदेश के अन्य जिलों में भी आयोजित कराने के लिए संस्था को सहयोग प्रदान किया जाए, ताकि अधिक से अधिक प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को अवसर मिल सके।
12 टीमें लेंगी प्रतियोगिता में हिस्सा
इस वर्ष प्रतियोगिता में कुल 12 टीमें भाग ले रही हैं, जिनमें लिवरपूल, गोल्डी मसाले, पर्फ़, प्राइम एनलाइटेन, मेपलवुड, एसएनके, सिग्मा ग्रिपलॉक, ऑलिवर ब्राउन, बालमोल, सोलोवैर यूके, डीकेजी एंटरटेनमेंट और स्वस्तिक इंटरनेशनल शामिल हैं।
समारोह का संचालन अहमद अली खान (तालिब) ने किया। अंत में आकर्षक आतिशबाजी के साथ उद्घाटन समारोह का समापन हुआ। इस अवसर पर केसीए अध्यक्ष एसएन सिंह, उपाध्यक्ष संजय तिवारी, जे॰एन॰टी॰ संस्था के अध्यक्ष आईएम रोहतगी, निदेशक अशद कमल इराक़ी, निदेशक प्रबोध शर्मा, सचिव संजय शुक्ला, संगठन सचिव अमित मिश्रा, अभिषेक तिवारी, दिनेश सिंह सहित समस्त जे॰एन॰टी॰ परिवार उपस्थित रहा।
कल खेले जाएंगे मुकाबले
प्रतियोगिता के तहत सोमवार प्रातः 6:30 बजे से कानपुर साउथ “A” मैदान पर गोल्डी मसाले XI और एसएनके XI के बीच मुकाबला खेला जाएगा, जबकि कानपुर साउथ “B” मैदान पर स्वस्तिक इंटरनेशनल XI और सिग्मा ग्रिपलॉक XI आमने-सामने होंगी।
कप्तानों की सूची
ग्रुप नाम शहर
1 कार्तिक शुक्ला WK उन्नाव
2 ग्रंथ आदित्य सिंह RHB कानपुर
3 सार्थक अग्रवाल RHB कानपुर
4 अयान पुरोहित RHB कानपुर
5 अर्नव कटियार LHB नई दिल्ली
6 शिवांश प्रताप सिंह RHB कानपुर
7 अर्नव सिंह कलहंस RHB बस्ती
8 अथर्व दीक्षित WK कानपुर
9 आद्रिक दिवाहलिया LHB कानपुर
10 रेयांश पाल RHB कानपुर
11 आदित्य यादव LHB झांसी
12 युवराज यादव WK गोरखपुर