- अंडर-8 से अंडर-17 वर्ग तक 87 खिलाड़ियों ने लिया हिस्सा, पांच राउंड के मुकाबलों में उभरी नई प्रतिभाएं
- विजेता खिलाड़ियों को ट्रॉफी और प्रमाण पत्र देकर किया गया सम्मानित
कानपुर, 17 मई।
शांति नगर स्थित बिलाबांग इंटरनेशनल हाई स्कूल में रविवार को 60वीं बिलाबांग रैपिड चेस प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में अंडर-8, अंडर-11, अंडर-15 और अंडर-17 आयु वर्ग में कुल 87 बालक एवं बालिकाओं ने प्रतिभाग कर अपनी रणनीतिक क्षमता और बौद्धिक कौशल का प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता में पांच राउंड के मुकाबले खेले गए, जिनमें खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए दर्शकों और अभिभावकों का ध्यान आकर्षित किया।
प्रतियोगिता के समापन पर चीफ आर्बिटर प्रशंसा वर्मा एवं सीनियर नेशनल आर्बिटर रूपा शुक्ला ने विजेता खिलाड़ियों को ट्रॉफी एवं प्रमाण पत्र प्रदान कर सम्मानित किया। इस अवसर पर कानपुर चेस एसोसिएशन के दिलीप श्रीवास्तव, कमल खेमानी एवं विकास निषाद उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन स्कूल के को-ऑर्डिनेटर सोहनीत साहू ने किया।
अंडर-8 एवं अंडर-11 वर्ग में उभरे नए सितारे
अंडर-8 बालक वर्ग में जोशुआ एबिन मैथ्यू ने पहला स्थान प्राप्त किया, जबकि अभिराज सिंह दूसरे और आदविक गुप्ता तीसरे स्थान पर रहे। अंडर-8 बालिका वर्ग में दृष्टा अग्रवाल विजेता बनीं, जबकि एलिसा गोस्वामी उपविजेता और अविका शर्मा तीसरे स्थान पर रहीं।
अंडर-11 बालक वर्ग में मुहम्मद जैदान ने शानदार प्रदर्शन करते हुए पहला स्थान हासिल किया। तनिष दूसरे और अविरल मिश्रा तीसरे स्थान पर रहे। वहीं अंडर-11 बालिका वर्ग में अभिग्या तिवारी ने पहला, सान्वी उमर ने दूसरा तथा मायरा गुप्ता ने तीसरा स्थान प्राप्त किया।
अंडर-15 और अंडर-17 वर्ग में रोमांचक मुकाबले
अंडर-15 बालक वर्ग में आद्यांश सिंह विजेता बने, जबकि दीपांक कटियार ने दूसरा और सम्यक सागर ने तीसरा स्थान प्राप्त किया। अंडर-15 बालिका वर्ग में समृद्धि वर्मा ने पहला तथा एंजेलिना गोस्वामी ने दूसरा स्थान हासिल किया। अंडर-17 बालिका वर्ग में स्वास्तिका कुमारी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए विजेता बनने का गौरव प्राप्त किया।
प्रतियोगिता के दौरान खिलाड़ियों के अनुशासन, एकाग्रता और खेल भावना की सराहना की गई। आयोजकों ने कहा कि इस प्रकार की प्रतियोगिताएं बच्चों में तार्किक क्षमता, धैर्य और निर्णय लेने की क्षमता विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं।