- भारत स्काउट और गाइड के प्रमाणपत्र वितरण समारोह में विद्यार्थियों का हुआ सम्मान, मातृ दिवस आर्ट प्रतियोगिता के विजेताओं को भी मिले पुरस्कार
कानपुर, 13 मई।
हर सहाय जगदंबा सहाय इंटर कॉलेज में मंगलवार को आयोजित सम्मान समारोह में भारत स्काउट और गाइड की 19वीं राष्ट्रीय जंबूरी तथा राज्य पुरस्कार प्रमाणपत्रों का वितरण किया गया। विद्यालय के प्रार्थना सभास्थल पर आयोजित कार्यक्रम में विद्यार्थियों की उपलब्धियों का उत्साहपूर्वक सम्मान किया गया।

जिला सचिव भारत स्काउट और गाइड सर्वेश तिवारी ने बताया कि नवंबर 2025 में लखनऊ में आयोजित 19वीं राष्ट्रीय जंबूरी में विद्यालय के विद्यार्थियों ने सक्रिय भागीदारी कर उत्कृष्ट प्रदर्शन किया था। इसी क्रम में महामहिम राज्यपाल श्रीमती आनंदीबेन पटेल द्वारा हस्ताक्षरित राज्य पुरस्कार प्रमाणपत्र छात्र राज कश्यप को विद्यालय की प्रिंसिपल श्वेता गुप्ता और वरिष्ठ प्रवक्ता अनूप शुक्ला द्वारा प्रदान किया गया।
कार्यक्रम में वरिष्ठ प्रवक्ता एवं साहित्यकार डॉ. सुधांशु त्रिपाठी ने राष्ट्रीय जंबूरी और तृतीय सोपान के प्रमाणपत्र वितरित किए। विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि स्काउट और गाइड जैसी गतिविधियां बच्चों में अनुशासन, नेतृत्व क्षमता और सामाजिक जिम्मेदारी की भावना विकसित करती हैं।
मातृ दिवस के अवसर पर आयोजित आर्ट प्रतियोगिता में प्रतिभाग करने वाले विद्यार्थियों को भी सम्मानित किया गया। जिला सचिव सर्वेश तिवारी ने विजेता बच्चों को पुरस्कार प्रदान कर उनका उत्साहवर्धन किया।
सम्मान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों में राज कश्यप, अमाया सोनकर, आदित्य वर्मा, नैंसी सोनकर, अनोखी दिवाकर, यश और अर्नव प्रमुख रहे। पुरस्कार प्राप्त कर बच्चों ने खुशी जाहिर की और भविष्य में भी बेहतर प्रदर्शन करने का संकल्प लिया।
इस अवसर पर सर्वेश तिवारी, आशीष सिंह, अल्का द्विवेदी, ब्रजेश अवस्थी, पवन कुमार, मोहित भाटिया, राजेंद्र कुमार, प्रमोद कुमार, जगदीश गुप्ता और जितेंद्र सहित विद्यालय परिवार के कई सदस्य मौजूद रहे। सभी ने विद्यार्थियों की उपलब्धियों की सराहना करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।