जे० एन० टी० अण्डर-12 क्रिकेट ट्रॉयल के परिणाम घोषित, 180 खिलाड़ियों का चयन

 

 

  • 14 से 16 मई तक कानपुर साउथ मैदान पर लगेगा विशेष प्रशिक्षण कैम्प, राहुल सप्रू और विकास यादव देंगे प्रशिक्षण
  • के० सी० ए० के चयनकर्ताओं ने विभिन्न जिलों के खिलाड़ियों का किया चयन
  • कैंप में अनुपस्थित रहने वाले खिलाड़ियों पर नहीं होगा विचार
  • प्रदेशभर से उभरती क्रिकेट प्रतिभाओं को मिलेगा पेशेवर प्रशिक्षण

 

कानपुर, 13 मई।

के० सी० ए० के तत्वावधान में जे० एन० टी० स्पोर्ट्स वेलफेयर फाउण्डेशन द्वारा आयोजित सिग्मा ग्रीपलॉक ट्रॉफी के लिए खेले जाने वाले 14वें जे० एन० टी० अण्डर-12 क्रिकेट टूर्नामेंट के ट्रॉयल के परिणाम घोषित कर दिए गए हैं। ट्रॉयल के बाद कुल 180 प्रतिभाशाली खिलाड़ियों का चयन किया गया है। चयन प्रक्रिया के० सी० ए० के चयनकर्ता राकेश तिवारी, इन्दरपाल सिंह और मो० फैजान की देखरेख में सम्पन्न हुई।

चयनित खिलाड़ियों के लिए 14 मई से 16 मई तक कानपुर साउथ मैदान पर विशेष प्रशिक्षण कैम्प आयोजित किया जाएगा। यह कैम्प प्रतिदिन प्रातः 6 बजे से शुरू होगा। आयोजकों ने स्पष्ट किया है कि चयनित खिलाड़ियों की उपस्थिति अनिवार्य होगी और अनुपस्थित रहने वाले खिलाड़ियों के नाम पर आगे विचार नहीं किया जाएगा। खिलाड़ियों को मेडिकल प्रक्रिया से भी गुजरना होगा, जिसके बाद टीम की अंतिम संरचना तैयार की जाएगी।

कैम्प का संचालन प्रसिद्ध रणजी ट्रॉफी खिलाड़ी राहुल सपरू और इंडोनेशिया क्रिकेट टीम के मुख्य कोच विकास यादव द्वारा किया जाएगा। युवा खिलाड़ियों को तकनीकी प्रशिक्षण, फिटनेस और मैच परिस्थितियों से जुड़ी विशेष जानकारी दी जाएगी, जिससे उन्हें भविष्य में उच्च स्तर की प्रतियोगिताओं के लिए तैयार किया जा सके।

संस्था के सचिव संजय शुक्ला ने बताया कि इस वर्ष चयनित खिलाड़ियों में प्रदेश के कई जिलों के प्रतिभाशाली क्रिकेटरों को मौका मिला है। चयनित खिलाड़ियों में कानपुर के सर्वाधिक 91 खिलाड़ी शामिल हैं, जबकि लखनऊ से 36 और उन्नाव से 11 खिलाड़ियों का चयन हुआ है। इसके अलावा वाराणसी से 8, अलीगढ़ से 5, गोरखपुर से 4 तथा सुल्तानपुर, महोबा से 3-3 खिलाड़ियों को कैम्प के लिए चुना गया है।

इसके अतिरिक्त मिर्जापुर, देवरिया, रायबरेली, उरई, नई दिल्ली, बांदा, बाराबंकी, फर्रुखाबाद, फतेहपुर, गाजीपुर, गोंडा, औरैया, अम्बेडकर नगर, आनपारा, बस्ती, एटा, झांसी, नौतनवा और मौदहा जैसे क्षेत्रों से भी खिलाड़ियों ने अपनी जगह बनाई है। इससे यह प्रतियोगिता प्रदेश स्तर पर उभरती क्रिकेट प्रतिभाओं के लिए बड़ा मंच बनती जा रही है।

आयोजकों के अनुसार कैंप के दौरान खिलाड़ियों के प्रदर्शन, अनुशासन और फिटनेस के आधार पर अंतिम टीम का चयन किया जाएगा, जो आगामी सिग्मा ग्रीपलॉक ट्रॉफी में हिस्सा लेगी।

Leave a Comment