- अंडर-19 फाइनल में लखनऊ स्पोर्ट्स कॉलेज को 18 रन से दी शिकस्त
- तुषार ने नाबाद 60 रन बनाने के साथ एक विकेट भी लिया, कानपुर मंडल ने 70वीं विद्यालयीय स्टेट क्रिकेट प्रतियोगिता की ट्रॉफी पर जमाया कब्जा
कानपुर, 30 अक्टूबर।
कप्तान तुषार पॉल की शानदार बल्लेबाजी और प्रभावी गेंदबाजी के दम पर कानपुर मंडल ने 70वीं विद्यालयीय स्टेट क्रिकेट प्रतियोगिता के अंडर-19 वर्ग का खिताब अपने नाम कर लिया। फाइनल मुकाबले में कानपुर मंडल ने लखनऊ स्पोर्ट्स कॉलेज को 18 रन से पराजित कर विजेता ट्रॉफी पर कब्जा जमाया। तुषार ने नाबाद 60 रन की कप्तानी पारी खेलने के साथ एक विकेट भी हासिल किया और टीम की जीत के नायक बने।

टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी कानपुर मंडल की टीम ने निर्धारित 15 ओवर में चार विकेट खोकर 108 रन बनाए। कप्तान तुषार पॉल ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए नाबाद 60 रन बनाए। अर्चित बनोधिया ने 13 और वंश यादव ने 10 रन का योगदान दिया। लखनऊ स्पोर्ट्स कॉलेज की ओर से आरुष और दिव्यांशु ने एक-एक विकेट हासिल किया।
109 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी लखनऊ स्पोर्ट्स कॉलेज की टीम कानपुर मंडल के गेंदबाजों के सामने टिक नहीं सकी और 13.5 ओवर में 90 रन पर ऑलआउट हो गई। ओम मिश्रा ने 32 और आरुष ने 24 रन बनाए। कानपुर मंडल की ओर से तौफीक ने दो विकेट लिए, जबकि तुषार पॉल, अबू तल्हा और यथार्थ ने एक-एक विकेट हासिल किया। इस तरह कानपुर मंडल ने 18 रन से मुकाबला जीतकर चैंपियन बनने का गौरव प्राप्त किया।
विजेता टीम को मुख्य अतिथि एडी बेसिक शिवेंद्र सिंह, जिला विद्यालय निरीक्षक प्रवीण कुमार तिवारी, बीएसए हरिओम सिंह और सह जिला विद्यालय निरीक्षक प्रशांत द्विवेदी ने ट्रॉफी एवं पुरस्कार प्रदान किए।
इस अवसर पर डॉ. गिरीश मिश्रा, अजय पाठक, सर्वेश तिवारी, सत्य प्रकाश तिवारी, नीरज मिश्रा, दया शंकर, राज किशोर शर्मा, बिमलेश कुमार, श्याम किशोर, ब्रजेंद्र कुमार, आशीष सिंह, ब्रजेश अवस्थी, अल्का द्विवेदी, कल्पना अग्निहोत्री और मोनिका सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।