- सीसीएल-टी20 लीग में मनींदर सिंह और अविरल रावत बने मैच के हीरो
कानपुर, 12 मई।
Kanpur Cricket Association द्वारा आयोजित सीसीएल-टी20 लीग के अंतर्गत सप्रू मैदान पर खेले गये दो मुकाबलों में पटेल प्रॉपर्टीज़ एवं मेटाडोर फोम की टीमों ने शानदार जीत दर्ज की। दोनों मैचों में बल्लेबाजों का दबदबा देखने को मिला, जबकि गेंदबाजों ने भी अहम मौकों पर बेहतरीन प्रदर्शन किया।
पहले मुकाबले में पटेल प्रॉपर्टीज़ ने निर्धारित 20 ओवरों में 8 विकेट पर 213 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया। टीम की ओर से मनींदर सिंह ने नाबाद 80 रनों की विस्फोटक पारी खेली, जबकि अंकुल चौधरी ने 39 रन बनाकर उनका अच्छा साथ निभाया। ब्लू वॉरियर्स की ओर से अफाक अहमद, हसीन अहमद और धर्मेंद्र ने दो-दो विकेट हासिल किये।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी ब्लू वॉरियर्स की टीम 16.5 ओवरों में मात्र 102 रन पर सिमट गई। धर्मेंद्र ने सर्वाधिक 28 रन बनाए। पटेल प्रॉपर्टीज़ की ओर से इंद्रभूषण ने घातक गेंदबाजी करते हुए 15 रन देकर 4 विकेट झटके। अंकुर पांडेय ने 2 विकेट और मनींदर सिंह ने भी दो सफलताएं अर्जित कीं। इस प्रकार पटेल प्रॉपर्टीज़ ने 111 रनों के बड़े अंतर से मुकाबला अपने नाम किया। शानदार ऑलराउंड प्रदर्शन के लिए मनींदर सिंह को मैन ऑफ द मैच चुना गया।
दूसरे मुकाबले में नाइट स्कॉर्चर्स की टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवरों में 8 विकेट पर 145 रन बनाए। सुदीप द्विवेदी ने 36, अर्पित तिवारी ने 27 तथा अनुराग पांडेय ने 20 रनों का योगदान दिया। मेटाडोर फोम की ओर से रितेश गौतम ने 3 विकेट तथा मिशान गुप्ता ने 2 विकेट प्राप्त किये।
जवाब में मेटाडोर फोम ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए मात्र 11 ओवरों में 2 विकेट पर 146 रन बनाकर मुकाबला 8 विकेट से जीत लिया। रिजवान अंसारी ने 58 और अविरल रावत ने 50 रनों की ताबड़तोड़ पारी खेली, जबकि आशीष बाजपेयी 23 रन बनाकर नाबाद लौटे। नाइट स्कॉर्चर्स की ओर से मानस शुक्ला और मनीष कुमार को एक-एक विकेट मिला। शानदार बल्लेबाजी के लिए अविरल रावत को मैन ऑफ द मैच घोषित किया गया।
यह जानकारी Kaushal Kumar Singh, सचिव, Kanpur Cricket Association द्वारा दी गई।