- उद्घाटन मुकाबले में दिनेश मिश्रा एकादश और प्रकाश मिश्रा एकादश होंगी आमने-सामने
कानपुर, 11 मई।
Kanpur Cricket Association द्वारा आयोजित मोतीराम (एडवोकेट) स्मारक अंडर-15 क्रिकेट प्रतियोगिता का शुभारंभ मंगलवार से कानपुर साउथ मैदान पर होगा। प्रतियोगिता में शहर की आठ टीमें प्रतिभाग करेंगी।
के०सी०ए० सचिव कौशल कुमार सिंह ने बताया कि प्रतियोगिता का उद्घाटन मुकाबला दिनेश मिश्रा एकादश और प्रकाश मिश्रा एकादश के बीच मंगलवार प्रातः 7 बजे से खेला जाएगा।
प्रतियोगिता को दो पूलों में विभाजित किया गया है। ‘पूल-ए’ में दिनेश मिश्रा एकादश, प्रकाश मिश्रा एकादश, सुरेन्द्र तिवारी एकादश और अरुण अवस्थी एकादश की टीमें शामिल हैं। वहीं ‘पूल-बी’ में नरेन्द्र पाण्डे एकादश, भोला एकादश, शरद कपूर एकादश और एम०एल० भटनागर एकादश की टीमें भाग लेंगी।
प्रतियोगिता के जरिए युवा खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिलेगा और शहर की जूनियर क्रिकेट प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने का मंच भी प्राप्त होगा।