- सैमुअल बाली एवं बक्को देवी क्रिकेट प्रतियोगिता में फ्रेन्ड्स क्लब को 141 रन से हराया
कानपुर, 11 मई।
Kanpur Cricket Association से संबद्ध एवं Southern Cricket Club द्वारा आयोजित द्वितीय सैमुअल बाली एण्ड बक्को देवी क्रिकेट प्रतियोगिता के अंतर्गत आर०पी०सी०ए० मैदान पर खेले गए सेमीफाइनल मुकाबले में रोलैण्ड क्लब ने शानदार प्रदर्शन करते हुए फ्रेन्ड्स क्लब को 141 रन से पराजित कर फाइनल में प्रवेश कर लिया।
पहले बल्लेबाजी करते हुए रोलैण्ड क्लब ने निर्धारित 35 ओवरों में 7 विकेट पर 264 रन बनाए। टीम की ओर से मनीष वर्मा ने शानदार नाबाद 73 रन की पारी खेली। विजय वर्मा ने 47, आकाश वर्मा ने 45 तथा अंकुल जैन ने 34 रन का योगदान दिया। फ्रेन्ड्स क्लब की ओर से मोहम्मद हसन ने 49 रन देकर 3 विकेट हासिल किए।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी फ्रेन्ड्स क्लब की टीम 31.4 ओवरों में 123 रन पर सिमट गई। शहवाज अली ने 29 और हसीन अहमद ने 20 रन बनाए। रोलैण्ड क्लब की ओर से सात्विक शर्मा और अंकुल जैन ने घातक गेंदबाजी करते हुए 3-3 विकेट लिए, जबकि कुलदीप श्रीवास्तव को 2 सफलता मिली।
रोलैण्ड क्लब ने यह मुकाबला 141 रन के बड़े अंतर से जीतकर प्रतियोगिता के फाइनल में अपनी जगह पक्की कर ली।