- ब्रिलिएंट माइंड के नेक्सस द्वारा आयोजित प्रतियोगिता में विभिन्न आयु वर्गों के खिलाड़ियों ने किया शानदार प्रदर्शन
कानपुर, 11 मई।
ब्रिलिएंट माइंड के नेक्सस द्वारा आयोजित तथा कानपुर चेस एसोसिएशन से मान्यता प्राप्त डॉ. बद्री नारायण तिवारी मेमोरियल एक दिवसीय रैपिड शतरंज प्रतियोगिता का आयोजन महाराष्ट्र भवन मंडल, खलासी लाइन में किया गया। प्रतियोगिता में ओपन एवं बालिका वर्ग के कुल 14 वर्गों में 188 खिलाड़ियों ने प्रतिभाग कर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।

बालक वर्ग में अभिनंदन, वेदांश और कृषिव रहे अव्वल
अंडर-7 ओपन वर्ग में अभिनंदन जायसवाल ने प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि उत्कृष्ट मिश्रा दूसरे और शिवांश साहू तीसरे स्थान पर रहे। अंडर-9 वर्ग में वेदांश शर्मा विजेता बने। अंडर-11 वर्ग में कृषिव कनोडिया ने पहला स्थान हासिल किया।
अंडर-13 वर्ग में यादव आदित्य, अंडर-15 में विनायक साहू, अंडर-17 में प्रांजल सिंह और अंडर-19 वर्ग में लक्ष्य शर्मा ने शानदार प्रदर्शन करते हुए अपने-अपने वर्ग में प्रथम स्थान प्राप्त किया।
बालिका वर्ग में एलिस, अभिज्ञा और माहिका ने मारी बाजी
बालिका वर्ग में अंडर-7 में गोस्वामी एलिस विजेता रहीं। अंडर-9 में अभिज्ञा तिवारी, अंडर-11 में माहिका रॉय और अंडर-13 वर्ग में समृद्धि वर्मा ने पहला स्थान हासिल किया।
इसी प्रकार अंडर-15 वर्ग में काश्वी गुप्ता, अंडर-17 में कृतिका पुरवार और अंडर-19 वर्ग में आर्या गुप्ता ने शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए खिताब अपने नाम किया।
प्रतियोगिता में कुल पांच राउंड के मुकाबले खेले गए, जिसमें शहर के उभरते शतरंज खिलाड़ियों ने बेहतरीन खेल का प्रदर्शन करते हुए दर्शकों और आयोजकों का ध्यान आकर्षित किया। प्रतियोगिता का संचालन आयोजन सचिव प्रशांत पांडे, अभय त्रिपाठी एवं अर्चना त्रिपाठी (मैनेजर बीएमसीएन) के निर्देशन में सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।
प्रतियोगिता के चीफ ऑर्बिटर विकास निषाद रहे, जबकि सहायक ऑर्बिटर के रूप में कमल खेमानी, ए.पी. सिंह और मोनू ने जिम्मेदारी निभाई। सभी वर्गों के विजेता खिलाड़ियों को ट्रॉफी एवं प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया।
शहर में तेजी से बढ़ रहा शतरंज का क्रेज
प्रतियोगिता में बड़ी संख्या में बच्चों और अभिभावकों की उपस्थिति ने यह संकेत दिया कि कानपुर में शतरंज के प्रति रुचि लगातार बढ़ रही है। आयोजकों ने कहा कि इस प्रकार की प्रतियोगिताएं बच्चों की मानसिक क्षमता, रणनीतिक सोच और आत्मविश्वास को विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं।