एलिस गोस्वामी ने रचा इतिहास, अंडर-07 शतरंज में चमकी कानपुर की प्रतिभा

 

 

 

  • यूपी स्टेट चैंपियनशिप में शानदार प्रदर्शन, लगातार जीत से बढ़ाया मान
  • द्वितीय उपविजेता बनकर टॉप-3 में जगह बनाने वाली कानपुर की पहली खिलाड़ी, नेशनल के लिए मजबूत दावेदारी

 

कानपुर/लखनऊ/प्रयागराज, 24 अप्रैल।

कानपुर की उभरती शतरंज खिलाड़ी एलिस गोस्वामी ने यू.पी. स्टेट अंडर-07 गर्ल्स शतरंज चैंपियनशिप 2026-27 में शानदार प्रदर्शन करते हुए नया इतिहास रच दिया। दिल्ली पब्लिक स्कूल सीतापुर में आयोजित इस प्रतियोगिता में एलिस ने 4 अंक अर्जित कर द्वितीय उपविजेता का स्थान हासिल किया और कानपुर से पहली बार टॉप-3 में जगह बनाकर गौरव बढ़ाया।

टूर्नामेंट के अंतिम दौर में प्रयागराज की अनिका सिंह ने 5 में से 5 अंक हासिल कर खिताब अपने नाम किया, जबकि बिजनौर की आर्यका सिंह 4 अंकों के साथ प्रथम उपविजेता रहीं। एलिस ने अलीगढ़ की सान्विका उपाध्याय को पराजित कर अपनी स्थिति मजबूत की। टाई-ब्रेक के आधार पर उन्हें द्वितीय उपविजेता घोषित किया गया।

एलिस को ट्रॉफी और नगद पुरस्कार से सम्मानित किया गया। उनकी इस उपलब्धि से नेशनल शतरंज चैंपियनशिप के लिए उनकी दावेदारी भी मजबूत हुई है। कानपुर चेस एसोसिएशन के सचिव दिलीप कुमार श्रीवास्तव ने इस सफलता पर उन्हें बधाई दी।

गौरतलब है कि एलिस ने हाल ही में आईआईटी कानपुर में आयोजित फिडे रेटेड ओपन शतरंज प्रतियोगिता (07 फरवरी 2026) में अंडर-08 ओपन वर्ग में ट्रॉफी और नगद पुरस्कार जीतकर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया। इसके अलावा 19 अप्रैल 2026 को एचबीटीयू कानपुर में आयोजित प्रतियोगिता में भी उन्होंने अंडर-07 गर्ल्स वर्ग में प्रथम स्थान प्राप्त किया।

पिछले एक वर्ष में एलिस गोस्वामी ने कानपुर में आयोजित सभी प्रतियोगिताओं में लगातार जीत दर्ज कर अपनी प्रतिभा, अनुशासन और निरंतरता का शानदार उदाहरण प्रस्तुत किया है।

Leave a Comment