उत्तर प्रदेश बॉक्सिंग एसोसिएशन को मिली बड़ी सफलता

 

 

  • अंतरराष्ट्रीय रेफरी परीक्षा में प्रदेश के निर्णायकों का शानदार प्रदर्शन
  • सबहेड: शैवर अली खान बने IBA टू-स्टार जज, अंशिका यादव ने हासिल किया वन-स्टार दर्जा

 

कानपुर, 24 अप्रैल।

उत्तर प्रदेश बॉक्सिंग एसोसिएशन को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बड़ी उपलब्धि हासिल हुई है। महासचिव उपेंद्र पांडेय द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार आंध्र प्रदेश के एस आर के आर कॉलेज, भीमावरम में 19 से 22 मार्च 2026 तक आयोजित आईबीए रेफरी एवं जज परीक्षा (वन स्टार व टू स्टार) में प्रदेश के दो निर्णायकों ने सफलता प्राप्त की।

यह परीक्षा इंडियन एमेच्योर बॉक्सिंग फेडरेशन एवं इंटरनेशनल बॉक्सिंग एसोसिएशन के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित की गई थी। प्रतियोगिता में उत्तर प्रदेश से प्रतिभाग करने वाले दोनों निर्णायकों ने अंतरराष्ट्रीय स्तर की परीक्षा उत्तीर्ण कर प्रदेश का नाम रोशन किया।

इसमें शैवर अली खान ने सर्वोच्च अंक प्राप्त करते हुए आईबीए टू-स्टार निर्णायक का दर्जा हासिल किया, जबकि अंशिका यादव ने आईबीए वन-स्टार परीक्षा उत्तीर्ण कर महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की।

इस उपलब्धि पर सुशील कटियार (अध्यक्ष, सेंट्रल जोन इंडिया, IABF) एवं विशाल गुप्ता (प्रदेश अध्यक्ष, यूपी बॉक्सिंग एसोसिएशन) ने हर्ष व्यक्त करते हुए बताया कि दोनों सफल निर्णायकों को शीघ्र ही लखनऊ में आयोजित समारोह में सम्मानित किया जाएगा।

इस अवसर पर अभिषेक पाल, विपिन जैन, देवेंद्र कुमार, अभिषेक अग्रवाल, दीपक शुक्ला, रमाकांत पाण्डेय, आशुतोष ओझा, सत्यम शुक्ल, मनीष जायसवाल, संजीव राय तथा अजय सागर यादव सहित कार्यकारिणी सदस्यों ने प्रसन्नता व्यक्त की।

Leave a Comment