- देवांश और शिवांश के शतक, अविनाश और अरशान अली की घातक गेंदबाजी रही आकर्षण
कानपुर, 24 अप्रैल।
कानपुर क्रिकेट एसोसिएशन द्वारा आयोजित केडीएमए क्रिकेट लीग के अंतर्गत शुक्रवार को शहर के विभिन्न मैदानों पर खेले गए पांच मुकाबलों में खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया।
पीएसी मैदान पर के.एन. टाइटंस ने एवरो क्लब को 94 रनों से हराया। टाइटंस ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 40 ओवर में 251/6 का स्कोर बनाया। देवांश गुप्ता ने 101 रन और ऋषि ने 55 रनों की पारी खेली। जवाब में एवरो क्लब 157/9 तक ही पहुंच सका। सतीश यादव ने 4 विकेट लिए।
सप्रू मैदान पर राइडर्स क्लब ने खेरापति एथलेटिक्स को 98 रनों से पराजित किया। राइडर्स ने 36 ओवर में 350/6 रन बनाए, जिसमें शिवांश त्रिपाठी ने नाबाद 103 रन और अमन ठाकुर ने 73 रन बनाए। खेरापति की टीम 252 रन पर ऑलआउट हो गई। शिवांश ने गेंदबाजी में भी 5 विकेट झटके।
कानपुर साउथ मैदान पर रोवर्स क्लब ने केडीएमए को 3 विकेट से हराया। केडीएमए की टीम 146 रन पर सिमट गई, जिसमें सतनाम सिंह ने 58 रन बनाए। रोवर्स ने 23.4 ओवर में 150/7 बनाकर जीत दर्ज की। आयुष ने 53 रन बनाए।
आरपीसीए मैदान पर फ्रेंड्स यूनियन क्लब ने कानपुर जिमखाना को 164 रनों से हराया। फ्रेंड्स यूनियन ने 254 रन बनाए, जिसमें अनुपम तिवारी ने 75 रन बनाए। जवाब में जिमखाना की टीम 90 रन पर ढेर हो गई। अविनाश कुमार ने 6 विकेट लिए।

राम लखन भट्ट मैदान पर बीवीएस क्रिकेट एकेडमी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए सिटी क्लब को 7 विकेट से हराकर एकतरफा जीत दर्ज की। मैच में गेंदबाजों का दबदबा देखने को मिला, जहां अरशान अली ने घातक गेंदबाजी करते हुए 4 विकेट झटके, वहीं सुमित ने भी अहम मौकों पर 2 विकेट लेकर विपक्षी टीम की कमर तोड़ दी। लक्ष्य का पीछा करते हुए बीवीएस के बल्लेबाजों ने संयमित खेल दिखाया, जिसमें अंश गौतम ने नाबाद 31 रनों की महत्वपूर्ण पारी खेलकर टीम को जीत तक पहुंचाया। बीवीएस ने महज 17 ओवर में लक्ष्य हासिल कर अपनी मजबूत फॉर्म का परिचय दिया। अरशान अली ने एक ओवर चार बॉल फेक कर चार रन दिए और चार महत्वपूर्ण विकेट लिए, जिसके लिए उन्हें मैन ऑफ द मैच भी चुना गया।
लीग की जानकारी एसोसिएशन के सचिव कौशल कुमार सिंह ने दी।