59वीं बिलबांग रैपिड चेस प्रतियोगिता: शहर के युवा दिमागों की बिसात पर शानदार मुकाबले

 

 

  • अंडर-8 से अंडर-17 तक कड़े मुकाबले, प्रांजल सिंह, आद्विक महेश्वरी और मुहम्मद जैदान रहे आकर्षण का केंद्र

 

कानपुर, 19 अप्रैल 2026:

शांति नगर स्थित बिलबांग हाई इंटरनेशनल स्कूल में आयोजित 59वीं बिलबांग रैपिड चेस प्रतियोगिता 2026 में शहर और आसपास के क्षेत्रों के युवा खिलाड़ियों ने अपनी बौद्धिक क्षमता और रणनीतिक कौशल का शानदार प्रदर्शन किया। विभिन्न आयु वर्गों—अंडर-8, अंडर-11, अंडर-15 और अंडर-17—में आयोजित इस प्रतियोगिता में कुल 78 खिलाड़ियों ने भाग लिया। प्रतियोगिता पांच राउंड के आधार पर खेली गई, जिसमें हर राउंड के साथ मुकाबले और भी रोचक होते चले गए।

अंडर-17 वर्ग: प्रांजल सिंह का शानदार प्रदर्शन

अंडर-17 बालक वर्ग में डॉ. वीएसईसी श्याम नगर के प्रांजल सिंह ने 4 अंकों के साथ पहला स्थान हासिल किया। उन्होंने पूरे टूर्नामेंट में संतुलित और आक्रामक खेल का बेहतरीन उदाहरण पेश किया।

आर्मी पब्लिक स्कूल के वैभव आनंद (3 अंक) दूसरे स्थान पर रहे, जबकि डीपीएस के सतविक यादव (2 अंक) तीसरे स्थान पर रहे।

इसके अलावा विक्यात ओमर, अथर्व केशरवानी और आरोन डायस ने भी उल्लेखनीय प्रदर्शन करते हुए प्रतिस्पर्धा को कड़ा बनाए रखा।

अंडर-15 वर्ग: आद्विक महेश्वरी ने मारी बाजी

अंडर-15 वर्ग में डीपीएस कल्याणपुर के आद्विक महेश्वरी ने 4½ अंकों के साथ शीर्ष स्थान हासिल किया। उनका खेल पूरे टूर्नामेंट में बेहद सटीक और रणनीतिक रहा।

दूसरे स्थान पर आयुष गुप्ता (4 अंक) और तीसरे स्थान पर सारांश कौशल (4 अंक) रहे।

इस वर्ग में श्रेष्ट श्रीवास्तव, शाश्वत सिंह और कुशाग्र जैन ने भी मजबूत चुनौती पेश की। आर्य द्विवेदी, राघव सिंह राजावत और अंश द्विवेदी जैसे खिलाड़ियों ने भी अच्छा प्रदर्शन किया।

अंडर-11 वर्ग: मुहम्मद जैदान का दबदबा

अंडर-11 वर्ग में सेंट मैरी ऑर्थोडॉक्स स्कूल के मुहम्मद जैदान ने 4½ अंकों के साथ पहला स्थान प्राप्त किया।

दूसरे स्थान पर शिखर कटियार (4 अंक) और तीसरे स्थान पर अनेय दीक्षित (4 अंक) रहे।

अविघ्ना गुप्ता (3½), वाकुल मित्तल (3½), तनिष, अथर्व सिंह और अंजार अली ने भी शानदार खेल दिखाते हुए शीर्ष 10 में जगह बनाई।

इस वर्ग में कड़ी प्रतिस्पर्धा देखने को मिली, जहां कई मुकाबले अंतिम चाल तक गए।

अंडर-8 बालिका वर्ग: दृष्टा अग्रवाल बनीं चैंपियन

अंडर-8 बालिका वर्ग में शीलिंग हाउस स्कूल की दृष्टा अग्रवाल ने पूरे 5 अंक हासिल कर शानदार जीत दर्ज की।

एलिस गोस्वामी (4 अंक) दूसरे और बंदगी सूरी (3 अंक) तीसरे स्थान पर रहीं।

अक्षिता तिवारी, शिवाख्या खन्ना और स्वास्तिका मिश्रा ने भी अच्छा प्रदर्शन किया और भविष्य की प्रतिभा के संकेत दिए।

अंडर 11 बालिका वर्ग में मायरा ने मारी बाजी

अंडर 11 बालिका वर्ग में शिलिंग हाउस स्कूल की बेटियों ने बाजी मारी। इसमें मायरा गुप्ता ने पहला स्थान अर्जित कर स्कूल और पेरेंट्स का मान बढ़ाया तो वहीं दूसरे स्थान पर सानवी ओमर और तीसरे स्थान पर सानवी जैन ने कब्जा जमाया।

विभिन्न स्कूलों का दबदबा

प्रतियोगिता में दिल्ली पब्लिक स्कूल, आर्मी पब्लिक स्कूल, सेंट मैरी ऑर्थोडॉक्स स्कूल, सेठ आनंदराम जयपुरिया स्कूल, बिलबांग हाई इंटरनेशनल स्कूल और शीलिंग हाउस स्कूल के खिलाड़ियों ने प्रमुखता से भाग लेते हुए अपने स्कूल का नाम रोशन किया।

रणनीति और धैर्य का शानदार संगम

प्रतियोगिता के दौरान खिलाड़ियों ने ओपनिंग से लेकर एंडगेम तक अपनी रणनीति का बेहतरीन प्रदर्शन किया। कई मुकाबले अंतिम क्षणों तक अनिश्चित रहे, जिससे दर्शकों को भी भरपूर रोमांच मिला।

 

Leave a Comment