- स्व. डॉ. नरेंद्र कुमार पांडेय के निधन के बाद रिक्त हुए पद पर कार्यकारिणी की सर्वसम्मति से निर्णय
- साधारण सभा और कार्यकारिणी की अति आवश्यक बैठक में प्रस्ताव पारित, आगामी चुनाव तक संभालेंगे अध्यक्ष पद की जिम्मेदारी
- 22 नए सदस्यों को दी गई साधारण सदस्यता, जुलाई में एथलेटिक्स कार्यशाला और जिला स्तरीय वार्षिक प्रतियोगिता कराने का फैसला
कानपुर, 3 जून।
जिला एथलेटिक्स एसोसिएशन, कानपुर की साधारण सभा एवं कार्यकारिणी की अति आवश्यक बैठक बुधवार को जयनारायण सरस्वती इंटर कॉलेज, विकास नगर में आयोजित हुई। बैठक में संस्था के अध्यक्ष स्वर्गीय डॉ. नरेंद्र कुमार पांडेय के 18 फरवरी 2026 को हुए आकस्मिक निधन पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की गई। सदस्यों ने उनके खेल और संगठन के प्रति योगदान को याद करते हुए दो मिनट का मौन भी रखा।
बैठक में अध्यक्ष पद रिक्त होने के बाद उत्पन्न प्रशासनिक स्थिति पर विस्तार से चर्चा की गई। संस्था के वरिष्ठ उपाध्यक्ष कैलाश नाथ तिवारी, जो वर्तमान में लखनऊ में निवास कर रहे हैं तथा स्वास्थ्य कारणों से सक्रिय दायित्व निभाने में असमर्थ हैं, द्वारा अध्यक्ष पद का कार्यभार ग्रहण करने में असमर्थता जताए जाने की जानकारी सभा को दी गई। इसके बाद उपस्थित सदस्यों एवं कार्यकारिणी ने सर्वसम्मति से संस्था के उपाध्यक्ष विजय कुमार देवगन को नियमित निर्वाचन संपन्न होने तक कार्यवाहक अध्यक्ष मनोनीत करने का प्रस्ताव पारित किया।
सभा में वक्ताओं ने कहा कि विजय कुमार देवगन लंबे समय से संस्था की गतिविधियों से जुड़े रहे हैं और उनके अनुभव का लाभ एथलेटिक्स के विकास में मिलेगा। कार्यकारिणी ने विश्वास जताया कि वह आगामी चुनाव तक संस्था के कार्यों का सफल संचालन करेंगे तथा खेल गतिविधियों को नई गति देंगे।
बैठक में संगठन विस्तार के तहत 22 नए सदस्यों को जिला एथलेटिक्स एसोसिएशन की साधारण सदस्यता प्रदान की गई। इसके साथ ही जुलाई माह में एथलेटिक्स विषयक एक दिवसीय कार्यशाला आयोजित करने तथा शीघ्र ही जिला स्तरीय वार्षिक एथलेटिक्स प्रतियोगिता कराने का भी सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया।
बैठक की अध्यक्षता कार्यवाहक अध्यक्ष विजय कुमार देवगन ने की, जबकि संचालन एवं संगठनात्मक कार्यों का दायित्व महासचिव डॉ. नरेश कुमार चौधरी ने निभाया। अंत में दिनेश सिंह भदौरिया ने सभी उपस्थित सदस्यों का आभार व्यक्त किया।