- प्रिन्स क्लब को 8 विकेट से हराकर दर्ज की शानदार जीत, अविनाश बने मैन ऑफ द मैच
कानपुर, 3 जून।
कानपुर क्रिकेट एसोसियेशन से आबद्ध एवं फ्रेन्डस यूनियन क्रिकेट क्लब द्वारा आयोजित प्रथम अनिल रावत (कप्तान) स्मारक क्रिकेट प्रतियोगिता में सप्रू स्टेडियम, शुक्लागंज में खेले गए मुकाबले में फ्रेन्डस यूनियन क्लब ने प्रिन्स क्लब को 8 विकेट से पराजित कर सेमीफाइनल में प्रवेश कर लिया। टीम की जीत में अविनाश कुमार और विशेष कुशवाहा की घातक गेंदबाजी ने अहम भूमिका निभाई।

पहले बल्लेबाजी करते हुए प्रिन्स क्लब की पूरी टीम 25.4 ओवर में 87 रन पर सिमट गई। टीम की ओर से आलोक जाटव ने 23 रन तथा राहुल सिंह ने नाबाद 18 रन बनाए। फ्रेन्डस यूनियन की ओर से अविनाश कुमार ने 14 रन देकर 4 विकेट और विशेष कुशवाहा ने 13 रन देकर 3 विकेट हासिल किए।
88 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी फ्रेन्डस यूनियन ने मात्र 9.1 ओवर में 2 विकेट खोकर 91 रन बनाते हुए मैच अपने नाम कर लिया। आदर्श गुप्ता ने 29 रन की तेजतर्रार पारी खेली, जबकि अरमान अंसारी 12 रन बनाकर नाबाद लौटे। प्रिन्स क्लब की ओर से ऋषभ गौतम ने 1 विकेट प्राप्त किया।
इससे पूर्व प्रतियोगिता का उद्घाटन केसीए अध्यक्ष एस.एन. सिंह ने दोनों टीमों के खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर किया। मुख्य अतिथि का स्वागत अजीत सिंह ने किया। इस अवसर पर राहुल सप्रू, पी.एस. नेगी, परवेज अहमद ‘जानी’, कमल दोसर एवं राजेश सिंह सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
परिणाम : फ्रेन्डस यूनियन क्लब 8 विकेट से विजयी।
मैन ऑफ द मैच : अविनाश कुमार।