- द्वितीय आनंद राव पाटिल मेमोरियल जूनियर क्रिकेट टूर्नामेंट में मेहरोत्रा डेंटल को 5 विकेट से हराया
- 4 विकेट और हैट्रिक लेकर चमकीं लक्ष्मी देवी, प्लेयर ऑफ द मैच का पुरस्कार भी जीता
कानपुर, 3 जून।
ए.एस. क्रिकेट एकेडमी द्वारा आयोजित द्वितीय आनंद राव पाटिल मेमोरियल जूनियर क्रिकेट टूर्नामेंट फॉर पॉलिकेयर ट्रॉफी में कानपुर टाइटंस ने शानदार प्रदर्शन करते हुए मेहरोत्रा डेंटल को 5 विकेट से पराजित कर दिया। टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का निर्णय कानपुर टाइटंस के लिए पूरी तरह सफल साबित हुआ।

मेहरोत्रा डेंटल की टीम लक्ष्मी देवी की घातक गेंदबाजी के सामने टिक नहीं सकी और 12.2 ओवर में मात्र 58 रन पर सिमट गई। लक्ष्मी देवी ने शानदार हैट्रिक लेते हुए 4 ओवर में 12 रन देकर 4 विकेट झटके। उनके अलावा आयुष्मान कौल ने 2 विकेट, यश दीक्षित ने 2 विकेट तथा विहान गर्ग और पार्थ ने 1-1 विकेट हासिल किया। मेहरोत्रा डेंटल की ओर से अंशुमान ने 11 और सुहानी ने 10 रन बनाए।
59 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी कानपुर टाइटंस की शुरुआत कुछ खास नहीं रही, लेकिन प्रिंस कुमार और विहान चंद्रा ने 11-11 रन बनाकर टीम को संभाला। कानपुर टाइटंस ने 11.3 ओवर में 5 विकेट खोकर 60 रन बनाते हुए मुकाबला अपने नाम कर लिया।
शानदार गेंदबाजी और हैट्रिक के दम पर मैच का रुख बदलने वाली लक्ष्मी देवी को ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ चुना गया। यह पुरस्कार वरिष्ठ खेल प्रेमी प्रवीण शुक्ला द्वारा प्रदान किया गया। प्रतियोगिता सचिव पूजा पाटिल ने बताया कि गुरुवार सुबह 6 बजे से जेबी फाइटर और मेहरोत्रा डेंटल के बीच अगला मुकाबला खेला जाएगा। इस अवसर पर प्रशांत शुक्ला, राम प्रसाद यादव, शैलेन्द्र गुप्ता, प्रवीण शुक्ला, अमित गौतम, रितेश, महेंद्र, निष्कर्ष, प्रिंस, अपूर्वा, मनीष और आदित्य सहित बड़ी संख्या में खेल प्रेमी उपस्थित रहे।