वैभव गौड़ की देखरेख में उत्तर प्रदेश को पदक, कानपुर के चार खिलाड़ियों का एसजीएफआई के लिए चयन

 

 

  • सीआईएससीई नेशनल आर्चरी चैंपियनशिप में कानपुर के खिलाड़ियों का शानदार प्रदर्शन
  • जय कुमार ने जीता स्वर्ण, विदुराज केसरवानी ने कांस्य पदक; सूर्यांश और अंश ने हासिल किया चौथा स्थान

 

कानपुर, 24 सितंबर।

कोलकाता के द हेरिटेज स्कूल में 23 से 25 सितंबर तक आयोजित सीआईएससीई नेशनल आर्चरी चैंपियनशिप-2026 में कानपुर के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए एक स्वर्ण और एक कांस्य पदक हासिल किया। प्रतियोगिता में कानपुर के चार खिलाड़ियों का चयन स्कूल गेम्स फेडरेशन ऑफ इंडिया (एसजीएफआई) के लिए हुआ है।

अंडर-14 इंडियन राउंड में जय कुमार ने शानदार प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक अपने नाम किया। बेहतर प्रदर्शन के आधार पर उनका चयन एसजीएफआई के लिए भी हुआ है। वहीं विदुराज केसरवानी ने अंडर-17 वर्ग में कांस्य पदक जीतकर एसजीएफआई में अपनी जगह पक्की की।

इसके अलावा सूर्यांश गुप्ता ने अंडर-17 इंडियन राउंड में चौथा स्थान हासिल किया, जबकि अंश ने अंडर-14 कंपाउंड राउंड में चौथा स्थान प्राप्त किया। दोनों खिलाड़ियों का भी एसजीएफआई के लिए चयन हुआ है। इस तरह जय कुमार, विदुराज केसरवानी, सूर्यांश गुप्ता और अंश—कानपुर के चारों खिलाड़ियों ने एसजीएफआई प्रतियोगिता के लिए क्वालीफाई किया।

चारों खिलाड़ी दिसंबर 2026 में अमरावती में आयोजित होने वाली एसजीएफआई प्रतियोगिता में प्रतिभाग करेंगे। खिलाड़ियों की इस उपलब्धि में उनके कोच वैभव गौड़ की महत्वपूर्ण भूमिका रही। उत्तर प्रदेश टीम की तैयारियों से लेकर प्रतियोगिता के दौरान खिलाड़ियों की देखरेख तक उन्होंने मार्गदर्शन किया, जिसके परिणामस्वरूप खिलाड़ियों ने पदक के साथ एसजीएफआई में भी स्थान बनाया।

खिलाड़ियों की उपलब्धि पर जिला तीरंदाजी संघ के महासचिव राजा भरत अवस्थी ने सभी खिलाड़ियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने कोच वैभव गौड़ को भी विशेष रूप से बधाई दी।

कानपुर ओलंपिक संघ की ओर से भी खिलाड़ियों और कोच को इस उपलब्धि पर शुभकामनाएं दी गईं। वहीं क्रीड़ा भारती की ओर से डॉ. सुलोचना दीक्षित ने खिलाड़ियों एवं कोच को बधाई देते हुए आगामी एसजीएफआई प्रतियोगिता के लिए शुभकामनाएं प्रेषित कीं।

इस अवसर पर संदीप कुमार पासवान सहित जिला तीरंदाजी संघ के अन्य पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने भी खिलाड़ियों को बधाई दी। चार खिलाड़ियों के एसजीएफआई के लिए चयन और राष्ट्रीय स्तर पर पदक जीतने से कानपुर के खेल जगत में खुशी का माहौल है।

संघ पदाधिकारियों ने विश्वास जताया कि चारों खिलाड़ी दिसंबर में अमरावती में होने वाली एसजीएफआई प्रतियोगिता में भी बेहतर प्रदर्शन कर कानपुर और उत्तर प्रदेश का नाम रोशन करेंगे।

 

CISCE National Archery Championship 2026, Kanpur Archery, Uttar Pradesh Archery, Jaikumar, Viduraj Keserwani, Suryansh Gupta, Ansh, SGFI, Archery Championship, Vaibhav Gaur, Kanpur Sports, Indian Round, Compound Round, School Games Federation of India

Leave a Comment