- 14 अगस्त से 6 सितंबर तक होंगे 34 मुकाबले, फाइनल ग्रीन पार्क में; मिनी ऑक्शन 24 जुलाई को आगरा में
कानपुर, 12 जुलाई।
उत्तर प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन (यूपीसीए) की गवर्निंग काउंसिल की बैठक में यूपी टी-20 लीग के चौथे संस्करण (UPT20 Season-4) को लेकर कई अहम फैसलों पर मुहर लगा दी गई। इस बार लीग 14 अगस्त से 6 सितंबर 2026 तक आयोजित होगी और पहली बार इसका आयोजन दो शहरों—लखनऊ और कानपुर—में किया जाएगा। कुल 34 मुकाबलों वाले इस टूर्नामेंट का उद्घाटन और पहला मैच लखनऊ के भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी इकाना क्रिकेट स्टेडियम में होगा, जबकि फाइनल मुकाबला और समापन समारोह कानपुर के ऐतिहासिक ग्रीन पार्क स्टेडियम में आयोजित किया जाएगा।
यूपीसीए की ओर से यूपी टी20 लीग के प्रभारी डॉ संजय कपूर ने ने इस अवसर पर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ तथा बीसीसीआई के उपाध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद राजीव शुक्ला के प्रति विशेष आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनके मार्गदर्शन और सहयोग से लीग का विस्तार संभव हो सका है। एसोसिएशन के अनुसार दो शहरों में आयोजन का फैसला प्रदेश में क्रिकेट संस्कृति को और मजबूत करेगा, खेल अवसंरचना का बेहतर उपयोग सुनिश्चित करेगा तथा अधिक से अधिक क्रिकेट प्रेमियों तक लीग की पहुंच बढ़ाएगा।
24 दिनों में 34 मुकाबले, 13 डबल हेडर
डॉ संजय कपूर ने बताया कि यूपी टी-20 सीजन-4 में कुल 34 मैच खेले जाएंगे। इनमें 13 डबल हेडर और 8 सिंगल हेडर मैच दिवस शामिल होंगे। प्रतियोगिता का पहला चरण लखनऊ में होगा, जहां 13 मैच दिवसों में 22 मुकाबले आयोजित किए जाएंगे। इसके बाद दूसरा चरण कानपुर के ग्रीन पार्क स्टेडियम में खेला जाएगा, जहां 11 मैच दिवसों में 12 मुकाबले होंगे। लीग का समापन और खिताबी मुकाबला कानपुर में होगा।
24 जुलाई को आगरा में होगी मिनी ऑक्शन
गवर्निंग काउंसिल ने निर्णय लिया कि यूपी टी-20 सीजन-4 की मिनी ऑक्शन 24 जुलाई को आगरा में आयोजित की जाएगी। छह फ्रेंचाइजी के लिए कुल 45 खिलाड़ियों के स्लॉट उपलब्ध होंगे। बैठक में रिटेंशन नियम, खिलाड़ी चयन प्रक्रिया, कैचमेंट एरिया ट्रायल्स, सपोर्ट स्टाफ चयन दिशा-निर्देश और मिनी ऑक्शन के नियमों को भी मंजूरी दी गई, ताकि पूरी प्रक्रिया पारदर्शी और पेशेवर तरीके से संपन्न हो।
स्थानीय प्रतिभाओं को मिलेगा बड़ा मंच
प्रदेश के उभरते क्रिकेटरों को अवसर देने के लिए कैचमेंट एरिया मॉडल को पहले की तरह जारी रखा जाएगा। इससे उत्तर प्रदेश के विभिन्न जिलों के खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने और फ्रेंचाइजी टीमों तक पहुंचने का अवसर मिलेगा। यूपीसीए का मानना है कि यह मॉडल भविष्य के राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय क्रिकेटरों को तैयार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
सुरेश रैना रहेंगे ब्रांड एम्बेसडर, तीन करोड़ की पुरस्कार राशि
पूर्व भारतीय क्रिकेटर सुरेश रैना एक बार फिर यूपी टी-20 लीग के ब्रांड एम्बेसडर की भूमिका निभाएंगे। लीग का लोकप्रिय आधिकारिक एंथम “खिलाड़ी यहाँ बनता है” भी इस संस्करण में जारी रहेगा। खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करने के लिए इस वर्ष भी कुल ₹3 करोड़ की पुरस्कार राशि निर्धारित की गई है। विजेता टीम को ₹1 करोड़, उपविजेता को ₹60 लाख, जबकि अन्य शीर्ष टीमों को भी आकर्षक पुरस्कार दिए जाएंगे।
‘हर बाउंड्री, एक नई हरियाली’ से जुड़ेगा क्रिकेट
यूपीसीए ने इस वर्ष लीग को पर्यावरण संरक्षण से जोड़ते हुए “हर बाउंड्री, एक नई हरियाली” अभियान शुरू करने का निर्णय लिया है। इसके तहत टूर्नामेंट के दौरान लगाए जाने वाले प्रत्येक चौके और प्रत्येक छक्के के बराबर संख्या में उत्तर प्रदेश के विभिन्न जनपदों में पौधरोपण किया जाएगा। एसोसिएशन का उद्देश्य क्रिकेट के रोमांच को पर्यावरण संरक्षण के संदेश से जोड़ना और युवाओं को हरित उत्तर प्रदेश के निर्माण के लिए प्रेरित करना है।
सबसे भव्य संस्करण बनाने की तैयारी
यूपीसीए का कहना है कि पिछले तीन सफल संस्करणों के अनुभवों के आधार पर चौथे संस्करण को अब तक का सबसे भव्य, सुव्यवस्थित और प्रतिस्पर्धी बनाने की तैयारी की जा रही है। एसोसिएशन का लक्ष्य प्रदेश के उभरते खिलाड़ियों को राष्ट्रीय स्तर का मंच उपलब्ध कराना और उत्तर प्रदेश को भारतीय क्रिकेट की प्रतिभाओं का प्रमुख केंद्र बनाना है।