कानपुर खो-खो प्रीमियर लीग के दूसरे चरण के ट्रायल में खिलाड़ियों ने दिखाई दमदार प्रतिभा

 

 

  • 60 खिलाड़ियों ने लिया हिस्सा, भारतीय टीम के पूर्व और प्रोफेशनल खिलाड़ियों ने भी दिखाया कौशल; जल्द जारी होगी चयनित खिलाड़ियों की सूची

 

कानपुर, 12 जुलाई।

कानपुर जिला खो-खो संघ के तत्वावधान में आयोजित कानपुर खो-खो प्रीमियर लीग-2026 के दूसरे चरण का ट्रायल रविवार को हर सहाय जगदम्बा सहाय इंटर कॉलेज, पी. रोड में सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। प्रदेश के विभिन्न जिलों से पहुंचे खिलाड़ियों ने शानदार खेल का प्रदर्शन कर चयनकर्ताओं को प्रभावित किया। ट्रायल में भारतीय टीम के पूर्व खिलाड़ियों, अल्टीमेट खो-खो लीग के प्रोफेशनल खिलाड़ियों और उत्तर प्रदेश पुलिस के खिलाड़ियों की मौजूदगी ने प्रतियोगिता को और अधिक प्रतिस्पर्धात्मक बना दिया।

ग्राउंड ड्राइव, पोल ड्राइव और टेपिंग तकनीक ने किया प्रभावित

आयोजन सचिव रोहित सोनकर ने बताया कि ट्रायल में कुल 60 खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया। खिलाड़ियों ने ग्राउंड ड्राइव, पोल ड्राइव और टेपिंग जैसी तकनीकों का प्रभावशाली प्रदर्शन किया। चयनकर्ताओं ने प्रत्येक खिलाड़ी की तकनीक, फिटनेस, गति, रणनीति और खेल कौशल का बारीकी से मूल्यांकन किया।

क्षेत्रीय पार्षद ने किया उद्घाटन

ट्रायल का उद्घाटन क्षेत्रीय पार्षद गोविंद मोहन शुक्ला ने किया। इस अवसर पर संघ के संरक्षक सत्य प्रकाश तिवारी, रणवीर सिंह मलिक, चयन समिति के चेयरमैन शिवलाल यादव, अंतरराष्ट्रीय निर्णायक रविंद्र सिंह गुर्जर एवं नवनीत कुमार वर्मा, संघ के सचिव विपिन कुमार सोनकर, संतोष कुमार सिंह (सचिव, कौशाम्बी खो-खो संघ), प्रमोद यादव (कोच, यूपी पुलिस), प्रतीव निगम, रामजी प्रजापति, सुशील प्रजापति, आदित्य सोनकर और अभिमन्यु सिंह सहित कई खेल पदाधिकारी एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

जल्द घोषित होगी चयनित खिलाड़ियों की सूची

आयोजन सचिव रोहित सोनकर ने बताया कि ट्रायल में खिलाड़ियों के प्रदर्शन के आधार पर चयन प्रक्रिया पूरी की जा रही है और चयनित खिलाड़ियों की सूची शीघ्र जारी कर दी जाएगी। चयनित खिलाड़ी आगामी कानपुर खो-खो प्रीमियर लीग-2026 में अपनी-अपनी टीमों का प्रतिनिधित्व करेंगे।

Leave a Comment