- कानपुर में मंडलीय पावरलिफ्टिंग, ओपन बेंच प्रेस एवं फिटनेस चैंपियनशिप का आगाज, राज्य प्रतियोगिता के लिए होगा चयन
- यूथ से मास्टर वर्ग तक के खिलाड़ी दिखाएंगे दम, पहली बार फिटनेस चैंपियनशिप भी होगी शामिल
कानपुर, 22 जुलाई।
कानपुर पावरलिफ्टिंग एसोसिएशन के तत्वावधान में 25 एवं 26 जुलाई 2026 को कानपुर मंडलीय पावरलिफ्टिंग, ओपन बेंच प्रेस एवं फिटनेस चैंपियनशिप-2026 का आयोजन सेठ मोतीलाल खेड़िया सनातन धर्म इंटर कॉलेज, विष्णुपुरी में किया जाएगा। प्रतियोगिता में यूथ, सब-जूनियर, जूनियर, सीनियर एवं मास्टर वर्ग के बालक, बालिका, महिला और पुरुष खिलाड़ी अपनी ताकत एवं कौशल का प्रदर्शन करेंगे।
पहली बार फिटनेस चैंपियनशिप का होगा आयोजन
एसोसिएशन के सचिव सौरभ गौर ने बताया कि इस वर्ष प्रतियोगिता में पहली बार फिटनेस चैंपियनशिप को शामिल किया गया है। इसके अंतर्गत स्क्वाट (Squat) एवं प्लैंक (Plank) प्रतियोगिताएं आयोजित होंगी, जिनमें विभिन्न आयु एवं भार वर्गों के खिलाड़ी अपनी फिटनेस, शक्ति और सहनशक्ति का प्रदर्शन करेंगे।

24 जुलाई को होगा पंजीकरण और वजन
प्रतियोगिता में भाग लेने वाले खिलाड़ियों का पंजीकरण एवं वजन (वे-इन) 24 जुलाई को शाम 4 बजे से 7 बजे तक प्रतियोगिता स्थल पर होगा। खिलाड़ियों को जन्म प्रमाण पत्र, स्कूल/कॉलेज का पहचान पत्र अथवा हाईस्कूल अंकपत्र के साथ एक पासपोर्ट आकार का फोटो लाना अनिवार्य होगा।
राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए होगा चयन
प्रतियोगिता के प्रत्येक भार वर्ग के विजेता खिलाड़ियों का चयन 7 से 9 अगस्त 2026 तक बरेली में आयोजित होने वाली उत्तर प्रदेश राज्य स्तरीय पावरलिफ्टिंग चैंपियनशिप के लिए किया जाएगा। प्रतियोगिता में पुरुष वर्ग के 9 तथा महिला वर्ग के 8 भार वर्ग निर्धारित किए गए हैं।
विजेताओं को मिलेंगे पदक, प्रमाण पत्र और नकद पुरस्कार
चैंपियनशिप में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान पर प्रमाण पत्र, पदक और आकर्षक नकद पुरस्कार प्रदान किए जाएंगे। कानपुर पावरलिफ्टिंग एसोसिएशन ने मंडल के सभी खिलाड़ियों से समय पर पंजीकरण कर प्रतियोगिता में अधिक से अधिक संख्या में भाग लेने की अपील की है।