शम्सी समर कप डे-नाइट क्रिकेट टूर्नामेंट का रोमांच, फालकन्स, सुपर किंग्स और पैराडाइस ने दर्ज की जीत

 

 

  • 15 लीग मैचों वाले टूर्नामेंट में अब तक खेले गए डे-नाइट और नाइट मुकाबलों में खिलाड़ियों ने दिखाया दमखम
  • शाद हसन और शाद बने अपनी-अपनी टीमों की जीत के नायक, सरफराज ने ऑलराउंड प्रदर्शन से दिलाया पैराडाइस को विजय

 

कानपुर, 1 जून।

31 मई से आज़मी शजर और रागिब शकील के तत्वावधान में आयोजित शम्सी समर कप डे-नाइट क्रिकेट टूर्नामेंट में रोमांचक मुकाबलों का सिलसिला जारी है। टूर्नामेंट में कुल 15 लीग मैच खेले जाने हैं, जिनमें 10 नाइट मैच और 5 डे-नाइट मैच शामिल हैं। शुरुआती मुकाबलों में खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन कर दर्शकों का भरपूर मनोरंजन किया।

टूर्नामेंट का उद्घाटन मैच जेएमडी ग्राउंड पर शम्सी फालकन्स और शम्सी टाइटंस के बीच डे-नाइट प्रारूप में खेला गया। टॉस जीतकर शम्सी फालकन्स ने पहले गेंदबाजी का निर्णय लिया। अफ्फान की प्रभावशाली गेंदबाजी के सामने शम्सी टाइटंस की पूरी टीम 18.3 ओवर में 101 रन पर सिमट गई। लक्ष्य का पीछा करते हुए फराज की शानदार बल्लेबाजी की बदौलत शम्सी फालकन्स ने मात्र 10.3 ओवर में 104 रन बनाकर 9 विकेट से आसान जीत दर्ज की। शाद हसन को 41 रन और 1 विकेट के शानदार प्रदर्शन के लिए मैन ऑफ द मैच चुना गया।

दूसरा मुकाबला जेएमडी ग्राउंड पर शम्सी सुपर किंग्स और शम्सी रेंजर्स के बीच नाइट मैच के रूप में खेला गया। टॉस जीतकर शम्सी रेंजर्स ने पहले गेंदबाजी का फैसला किया। बल्लेबाजी करते हुए शम्सी सुपर किंग्स ने निर्धारित 20 ओवर में 6 विकेट पर 240 रनों का विशाल स्कोर खड़ा किया। जवाब में शम्सी रेंजर्स की टीम 17.5 ओवर में 172 रन बनाकर ऑलआउट हो गई। इस तरह सुपर किंग्स ने 68 रनों से शानदार जीत हासिल की। 77 रनों की विस्फोटक पारी खेलने वाले शाद को मैन ऑफ द मैच का पुरस्कार दिया गया।

तीसरा मुकाबला पार्थ ग्राउंड पर शम्सी पावर हिटर्स और शम्सी पैराडाइस के बीच नाइट मैच के रूप में खेला गया। टॉस जीतकर शम्सी पैराडाइस ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 8 विकेट पर 185 रन बनाए। जवाब में शम्सी पावर हिटर्स की टीम 20 ओवर में 9 विकेट पर 156 रन ही बना सकी। शम्सी पैराडाइस ने यह मुकाबला 29 रनों से अपने नाम किया। सरफराज ने 24 रन बनाने के साथ 3 विकेट भी हासिल किए, जिसके लिए उन्हें मैन ऑफ द मैच चुना गया।

टूर्नामेंट के आयोजकों ने बताया कि आगामी मुकाबलों में भी कड़ी प्रतिस्पर्धा देखने को मिलेगी। खिलाड़ियों का उत्साह और दर्शकों का समर्थन टूर्नामेंट को और अधिक रोमांचक बना रहा है। यह जानकारी साहिल रहमान ने प्रदान की।

Leave a Comment