- जून के दूसरे सप्ताह से रंगीन परिधान और सफेद गेंद से होंगे टी-20 मुकाबले
कानपुर, 31 मई।
आर.वी.एस. क्रिकेट एकेडमी के तत्वावधान में आयोजित प्रथम संदेश फाउंडेशन अंडर-19 डे/नाइट क्रिकेट प्रतियोगिता के ट्रायल्स का दूसरा दिन राहुल सप्रू मैदान पर संपन्न हुआ। ट्रायल्स में 125 खिलाड़ियों ने अपने खेल कौशल का प्रदर्शन कर चयनकर्ताओं को प्रभावित करने का प्रयास किया।
चयन प्रक्रिया की जिम्मेदारी कानपुर क्रिकेट एसोसिएशन के चयनकर्ता इंदरपाल सिंह गहलोत एवं पी.एस. नेगी ने संभाली। दोनों चयनकर्ताओं ने खिलाड़ियों के बल्लेबाजी, गेंदबाजी और क्षेत्ररक्षण कौशल का बारीकी से आकलन किया।
आयोजकों के अनुसार चयनित खिलाड़ियों की विभिन्न टीमें बनाकर जून माह के दूसरे सप्ताह से टी-20 प्रारूप में मुकाबले कराए जाएंगे। प्रतियोगिता की विशेषता यह होगी कि सभी मैच सफेद गेंद से खेले जाएंगे तथा खिलाड़ी रंगीन किट में मैदान पर उतरेंगे, जिससे प्रतियोगिता को पेशेवर स्वरूप मिलेगा।
आयोजकों ने बताया कि प्रतियोगिता का उद्देश्य युवा प्रतिभाओं को अपनी क्षमता प्रदर्शित करने का मंच प्रदान करना तथा उन्हें प्रतिस्पर्धी क्रिकेट का अनुभव देना है।