राज सिंह राजपूत के ऑलराउंड प्रदर्शन से रमेश वर्मा 11 बनी चैम्पियन

 

 

 

  • चैम्पियंस प्रीमियर लीग सीजन-5 का शानदार समापन, द लीजेंड किंग को 69 रन से हराकर जीता खिताब
  • फाइनल में बल्ले और गेंद दोनों से चमके राज सिंह राजपूत, शुभम की घातक गेंदबाजी ने दिलाई यादगार जीत

 

कानपुर, 28 जून।

एच.एस. क्रिकेट अकैडमी के तत्वावधान में आयोजित चैम्पियंस प्रीमियर लीग सीजन-5 का भव्य समापन रोमांचक फाइनल मुकाबले के साथ हुआ। टूर्नामेंट के खिताबी मुकाबले में रमेश वर्मा 11 ने शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए द लीजेंड किंग को 69 रनों से पराजित कर चैम्पियन बनने का गौरव हासिल किया।

टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए रमेश वर्मा 11 की टीम ने निर्धारित 20 ओवरों में 140 रन बनाए। टीम की ओर से राज सिंह राजपूत ने जिम्मेदारी भरी बल्लेबाजी करते हुए 44 रन बनाए, जबकि कान्हा त्रिपाठी ने 22 रनों का महत्वपूर्ण योगदान दिया। द लीजेंड किंग की ओर से विशाल कुमार ने प्रभावी गेंदबाजी करते हुए 2 विकेट हासिल किए।

141 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी द लीजेंड किंग की टीम विजेता टीम की सटीक गेंदबाजी के सामने टिक नहीं सकी और पूरी टीम मात्र 71 रनों पर सिमट गई। रमेश वर्मा 11 की ओर से शुभम ने घातक गेंदबाजी करते हुए 4 विकेट झटके, जबकि राज सिंह राजपूत ने 3 विकेट लेकर विपक्षी बल्लेबाजी क्रम को पूरी तरह ध्वस्त कर दिया। उनके शानदार ऑलराउंड प्रदर्शन ने टीम की जीत में निर्णायक भूमिका निभाई।

विजेताओं को किया गया सम्मानित

फाइनल मुकाबले में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए राज सिंह राजपूत को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।

प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट एवं बेस्ट बैट्समैन: दिव्यांश

बेस्ट बॉलर: शुभम

इमर्जिंग प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट: रुद्र

गणमान्य अतिथियों की रही उपस्थिति

पुरस्कार वितरण समारोह में एच.एस. क्रिकेट अकैडमी के कोच हर्षित शुक्ला के साथ देवाशीष वर्मा, अमित शुक्ला, अमित थापा, मनोज कटियार, कुलदीप श्रीवास्तव, मोहित शुक्ला, ए.के. द्विवेदी और ऋषभ गौर सहित अनेक गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे। कार्यक्रम का सफल संचालन सौम्या शर्मा ने किया।

 

 

Leave a Comment