राष्ट्रीय माउंटेन बाइक साइकिलिंग चैंपियनशिप में यूपी के नौ खिलाड़ी दिखाएंगे दम

 

 

  • 1 से 4 अक्टूबर तक ओडिशा में होगी प्रतियोगिता, राज्य स्तरीय ट्रायल के आधार पर टीम का चयन

 

कानपुर, 14 सितंबर।

ओडिशा के महेंद्रगिरी में 1 से 4 अक्टूबर तक आयोजित होने वाली 23वीं सीनियर, जूनियर एवं सब जूनियर राष्ट्रीय माउंटेन बाइक साइकिलिंग चैंपियनशिप के लिए उत्तर प्रदेश की टीम घोषित कर दी गई है। 13 सितंबर को ट्रांस गंगा सिटी के गेट नंबर दो के अंदर आयोजित राज्य स्तरीय चयन ट्रायल में खिलाड़ियों की टाइमिंग के आधार पर टीम का चयन किया गया। प्रतियोगिता का आयोजन साइकिलिंग फेडरेशन ऑफ इंडिया (सीएफआई) और ओडिशा साइकिलिंग एसोसिएशन के तत्वावधान में होगा।

सीनियर पुरुष वर्ग में पांच खिलाड़ी

सीनियर पुरुष वर्ग में चित्रकूट के शिव सिंह, सहारनपुर के एहकम, प्रयागराज के महाबली, मेरठ के महेश पाल साहू और गोविंद का चयन हुआ है। 23 वर्ष से कम आयु वर्ग में मिर्जापुर के आनंद कुमार सिंह प्रदेश का प्रतिनिधित्व करेंगे।

जूनियर और महिला वर्ग में भी प्रतिभागिता

जूनियर ब्वायज (17-18 वर्ष) वर्ग में सहारनपुर के कार्तिक मौर्या और सब जूनियर ब्वायज (15-16 वर्ष) वर्ग में हर्षित सिरोही चयनित हुए हैं। सीनियर महिला वर्ग में अयोध्या की चांदनी टीम का हिस्सा होंगी। टीम मैनेजर की जिम्मेदारी अवधेश कुमार विश्वकर्मा को सौंपी गई है, जो एडहाक साइकिलिंग कोच एवं आरएसओ अयोध्या के अधीन कार्यरत एनआईएस प्रशिक्षक हैं।

27 सितंबर को रवाना होगी टीम

टीम 27 सितंबर को भुवनेश्वर होते हुए पलासा रेलवे स्टेशन, ओडिशा के लिए रवाना होगी और 29 सितंबर को पहुंचेगी। खिलाड़ियों को 29 सितंबर से बोर्डिंग एवं लॉजिंग की सुविधा उपलब्ध रहेगी। प्रतियोगिता में प्रतिभाग करने वाले सभी खिलाड़ियों के लिए अपनी साइकिल और हेलमेट साथ ले जाना अनिवार्य है। साथ ही वर्ष 2026 का सीएफआई राइडर लाइसेंस भी जरूरी होगा।

जूनियर एवं सब जूनियर खिलाड़ियों को जन्म प्रमाण पत्र, हाईस्कूल प्रमाणपत्र और आधार कार्ड साथ ले जाना होगा। डोप टीम द्वारा खिलाड़ियों के डोप टेस्ट भी किए जाएंगे। ओडिशा पहुंचने पर जानकारी के लिए सचिव के मोबाइल नंबर 9861460330 और संयोजक रागिनी सक्सेना के मोबाइल नंबर 9899919933 पर संपर्क किया जा सकता है।

National Mountain Bike Cycling Championship, Uttar Pradesh Cycling Team, Cycling Federation of India, Odisha Cycling Association, Mountain Biking, Cycling Selection Trial, Senior Junior Sub Junior Cycling, Sports News, Uttar Pradesh Sports, Cycling Championship

Leave a Comment