- प्रदेशीय माउंटेन बाइक और ट्रैक साइकिलिंग ट्रायल में खिलाड़ियों ने लिया हिस्सा
- गंगा सिटी के गेट नंबर दो के अंदर आयोजित हुआ चयन ट्रायल, पुलिस समेत आठ जिलों के खिलाड़ी हुए शामिल
कानपुर, 13 सितंबर।
प्रदेश में साइकिलिंग प्रतिभाओं को तलाशने और उन्हें आगे बढ़ाने की कवायद के तहत रविवार को उत्तर प्रदेश राज्य माउंटेन बाइक एवं ट्रैक साइकिलिंग ट्रायल का आयोजन किया गया। गंगा सिटी के गेट नंबर दो के अंदर सुबह आठ बजे से दोपहर दो बजे तक चले ट्रायल में प्रदेश के विभिन्न जिलों से आए करीब 55 खिलाड़ियों ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।

आठ जिलों के खिलाड़ियों ने लिया हिस्सा
उत्तर प्रदेश साइकिलिंग एसोसिएशन की ओर से आयोजित ट्रायल में यूपी पुलिस, प्रयागराज, कानपुर, फतेहपुर, हमीरपुर, उन्नाव, मथुरा, शाहजहांपुर और अयोध्या आदि जिलों के खिलाड़ियों ने प्रतिभाग किया। माउंटेन बाइक और ट्रैक साइकिलिंग की विभिन्न गतिविधियों में खिलाड़ियों ने अपनी क्षमता का प्रदर्शन किया।
खेल पदाधिकारियों की मौजूदगी में हुआ आयोजन
ट्रायल का उद्घाटन कानपुर ओलंपिक संघ के महासचिव एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर के साइकिलिंग खेल से जुड़े पदाधिकारियों की मौजूदगी में किया गया। छत्रपति शाहू जी महाराज विश्वविद्यालय के प्रोफेसर डॉ. आरपी सिंह ने भी आयोजन में सहभागिता की। साइकिलिंग फेडरेशन ऑफ इंडिया की ओर से नियुक्त पर्यवेक्षक अवधेश कुमार विश्वकर्मा समेत खेल जगत से जुड़े लोगों ने खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाया।
उत्तर प्रदेश साइकिलिंग एसोसिएशन के महासचिव आरके गुप्ता ने बताया कि प्रदेश में साइकिलिंग को बढ़ावा देने और खिलाड़ियों को बेहतर मंच उपलब्ध कराने के उद्देश्य से इस तरह के आयोजन महत्वपूर्ण हैं। ट्रायल में खिलाड़ियों के प्रदर्शन के आधार पर आगे की खेल गतिविधियों के लिए प्रतिभाओं को अवसर मिलने की उम्मीद है।