किड्स गेम से तैयार होंगी ताइक्वांडो की नई प्रतिभाएं

 

 

  • यूपी के 53 जिलों के प्रतिनिधियों की बैठक में स्थानीय स्तर पर प्रतियोगिताएं कराने का फैसला

 

कानपुर, 14 सितंबर।

ताइक्वांडो में नई प्रतिभाओं को तराशने के लिए अब किड्स गेम पर विशेष जोर दिया जाएगा। उत्तर प्रदेश ताइक्वांडो कमेटी की बैठक में प्रदेश के करीब 53 जिलों के प्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया। बैठक में छोटे बच्चों को खेल से जोड़ने, स्थानीय एवं जिला स्तरीय प्रतियोगिताओं के जरिए उनकी प्रतिभा निखारने और भविष्य के चैंपियन तैयार करने की रणनीति पर चर्चा हुई। इसके साथ ही खिलाड़ियों की छात्रवृत्ति, महिला आत्मरक्षा प्रशिक्षण और पैरा ताइक्वांडो को बढ़ावा देने समेत कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए।

छोटे आयोजनों से तैयार होंगे बड़े खिलाड़ी

बैठक में किड्स खिलाड़ियों के लिए छोटे-छोटे स्थानीय एवं जिला स्तरीय ताइक्वांडो आयोजनों को बढ़ावा देने का निर्णय लिया गया। इन प्रतियोगिताओं के माध्यम से बच्चों को शुरुआती स्तर पर खेल का अनुभव देने, उनकी प्रतिभा पहचानने और उन्हें आगे की प्रतियोगिताओं के लिए तैयार करने पर जोर दिया गया। प्रदेश एवं राष्ट्रीय स्तर पर पदक जीतने वाले खिलाड़ियों के साथ प्रतिभावान किड्स खिलाड़ियों को छात्रवृत्ति एवं खेलवृत्ति देकर सम्मानित करने की योजना भी बनाई गई।

हर जिले में बालिकाओं को आत्मरक्षा की ट्रेनिंग

महिलाओं एवं बालिकाओं के लिए प्रत्येक जिले में आत्मरक्षा प्रशिक्षण एवं ताइक्वांडो कार्यक्रम आयोजित करने पर सहमति बनी। बैठक में आगामी वर्ष के खेल कैलेंडर और विभिन्न आयु वर्गों की प्रतियोगिताओं का कार्यक्रम निर्धारित करने पर भी चर्चा हुई। आधुनिक तकनीक के जरिए वर्चुअल ताइक्वांडो और पैरा ताइक्वांडो को बढ़ावा देने का निर्णय लिया गया।

17 सितंबर को होंगे आम चुनाव

नए स्पोर्ट्स कोड के अनुरूप सभी जिला इकाइयों में संगठनात्मक व्यवस्था मजबूत करने पर जोर दिया गया। इस माह के अंत तक नई कार्यकारिणी घोषित करने का निर्णय लिया गया। बैठक में कानपुर कमेटी की पृथक बैठक आयोजित करने तथा 17 सितंबर को उत्तर प्रदेश ताइक्वांडो कमेटी के आम चुनाव कराने की घोषणा भी की गई।

Leave a Comment