नेशनल यूथ क्लब ने जीती धनेश्वरी देवी मेमोरियल ट्रॉफी

 

Call Now Advertisement

अधिक जानकारी के लिए विज्ञापन पर क्लिक करके हमसे सीधे कॉल पर संपर्क कर सकते हैं

 

  • फाइनल में भारत क्लब को 27 रनों से हराकर खिताब अपने नाम किया, 6 विकेट लेकर धनेश चौहान बने मैन ऑफ द मैच 

 

कानपुर, 19 जनवरी।

कानपुर क्रिकेट एसोसिएशन से मान्यता प्राप्त चंद्रा क्रिकेट अकादमी मैदान पर स्पार्क क्लब के तत्वावधान में आयोजित 3rd स्वर्गीय धनेश्वरी देवी मेमोरियल क्रिकेट टूर्नामेंट का फाइनल मुकाबला रविवार को नेशनल यूथ क्लब और भारत क्लब के बीच खेला गया।इसमें नेशनल यूथ क्लब ने 27 रनों से जीत दर्ज कर तृतीय स्वर्गीय धनेश्वरी देवी मेमोरियल क्रिकेट टूर्नामेंट की ट्रॉफी पर कब्जा जमाया।

शानदार शतकीय पारी और घातक गेंदबाजी से मिली जीत

फाइनल मुकाबले में नेशनल यूथ क्लब ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का निर्णय लिया। निर्धारित 35 ओवरों में देवांश स्वरूप की शानदार 102 रनों की शतकीय पारी और दिव्यांशु पांडे के 60 रनों की मदद से टीम ने 246 रनों का विशाल स्कोर खड़ा किया। भारत क्लब की ओर से प्रिंस सोनी और सागर ने दो–दो विकेट हासिल किए।

लक्ष्य का पीछा करने उतरी भारत क्लब की टीम 34 ओवरों में 219 रनों पर सिमट गई। भारत क्लब की ओर से शिवा राजपूत (72 रन), युवराज सिंह (36 रन) और मनु सिंह (37 रन) ने संघर्ष किया, लेकिन नेशनल यूथ क्लब के धनेश चौहान की घातक गेंदबाजी के सामने टीम टिक नहीं सकी। धनेश चौहान ने 6 विकेट, जबकि अभिषेक राय और सर्वेश दुबे ने दो–दो विकेट झटके। फाइनल मुकाबले के मैन ऑफ द मैच दिनेश चौहान रहे।

मुख्य अतिथि और गणमान्य रहे उपस्थित

फाइनल मुकाबले में मुख्य अतिथि के रूप में अनुराधा अवस्थी (ब्लॉक प्रमुख, कल्याणपुर) मौजूद रहीं। वहीं विशिष्ट अतिथियों में रवि प्रकाश बाजपेई (सांसद प्रतिनिधि), श्री कृष्ण दत्त द्विवेदी (प्रबंधक, पीएमजी इंटर कॉलेज), महेंद्र वर्मा (डायरेक्टर, एसआरडीएम चंद्रा फाउंडेशन) और कौशल किशोर सिंह (सचिव, कानपुर क्रिकेट एसोसिएशन) उपस्थित रहे।

यह जानकारी टूर्नामेंट सचिव नीरज वर्मा ने दी।

Leave a Comment