मिशम अब्बास और ओजस शुक्ला चमके, जीटीबी वारियर्स व स्पार्क इंटरनेशनल की शानदार जीत

 

 

 

  • मिशम अब्बास और ओजस शुक्ला चमके, जीटीबी वारियर्स व स्पार्क इंटरनेशनल की शानदार जीत
  • संदेश फाउंडेशन प्रीमियर लीग अंडर-19 टी-20 प्रतियोगिता में रोमांचक मुकाबले

 

कानपुर, 24 जून।

कानपुर क्रिकेट एसोसिएशन से संबद्ध एवं आरवीएस क्रिकेट एकेडमी द्वारा आयोजित प्रथम संदेश फाउंडेशन प्रीमियर लीग फॉर जैक्सन कमिंस ट्रॉफी अंडर-19 टी-20 डे-नाइट क्रिकेट प्रतियोगिता के अंतर्गत सप्रू मैदान पर बुधवार को खेले गए दोनों मुकाबलों में जीटीबी वारियर्स और स्पार्क इंटरनेशनल ने शानदार जीत दर्ज की।

मिशम अब्बास की घातक गेंदबाजी से जीटीबी वारियर्स की बड़ी जीत

दिन के पहले मुकाबले में जीटीबी वारियर्स ने निर्धारित 20 ओवर में 9 विकेट पर 152 रन बनाए। रोहित गुप्ता ने 39 और शिवांशु सचान ने 24 रनों का योगदान दिया। कानपुर वारियर्स की ओर से युवराज गुप्ता ने 3 तथा पार्थ सिंह ने 2 विकेट हासिल किए।

लक्ष्य का पीछा करने उतरी कानपुर वारियर्स की टीम 18.1 ओवर में 96 रन पर सिमट गई। अभिनव यादव ने 47 और मोनू पाल ने 22 रन बनाए, लेकिन अन्य बल्लेबाज टिक नहीं सके। जीटीबी वारियर्स की ओर से मिशम अब्बास ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 3 विकेट झटके। आदर्श श्रीवास्तव, वैश रजा खान और कार्तिकेय मिश्रा ने दो-दो विकेट प्राप्त किए।

जीटीबी वारियर्स ने यह मुकाबला 56 रनों से जीत लिया। उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए मिशम अब्बास को मैन ऑफ द मैच चुना गया।

ओजस शुक्ला के अर्धशतक से स्पार्क इंटरनेशनल विजयी

दूसरे मैच में बीसीए ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 7 विकेट पर 153 रन बनाए। आरूष कश्यप ने 48, शाश्वत कुमार ने 34 और सुयश सिंह ने 28 रनों की उपयोगी पारियां खेलीं। स्पार्क इंटरनेशनल की ओर से आयुष पांडे और मोहम्मद ऐश ने दो-दो विकेट लिए।

जवाब में स्पार्क इंटरनेशनल ने 19.3 ओवर में 5 विकेट खोकर 157 रन बनाते हुए लक्ष्य हासिल कर लिया। ओजस शुक्ला ने शानदार 57 रन बनाए, जबकि आयुष पांडे ने 21 रनों का योगदान दिया। बीसीए की ओर से शाश्वत कुमार और शौर्य गुप्ता ने दो-दो विकेट लिए।

स्पार्क इंटरनेशनल ने यह मुकाबला 5 विकेट से अपने नाम किया। शानदार अर्धशतकीय पारी के लिए ओजस शुक्ला को मैन ऑफ द मैच घोषित किया गया।

Leave a Comment