उत्तर प्रदेश बॉक्सिंग में बड़ा बदलाव: प्रो बॉक्सिंग लीग का ऐलान, BHU में ट्रायल

 

 

 

  • लखनऊ बैठक में IABF की बड़ी रणनीति, खिलाड़ियों को मिलेगा नया मंच
  • डॉ. राकेश मिश्र ने जुलाई में प्रो बॉक्सिंग लीग की घोषणा की, वाराणसी सहित कई शहरों में ट्रायल तय

 

 

कानपुर/लखनऊ, 3 मई।

राजधानी लखनऊ में रविवार को आयोजित उत्तर प्रदेश एमेच्योर बॉक्सिंग संघ की अहम बैठक में बॉक्सिंग के भविष्य को लेकर कई बड़े फैसले लिए गए। बैठक में इंडियन एमेच्योर बॉक्सिंग फेडरेशन के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. राकेश मिश्र ने “प्रो बॉक्सिंग लीग” के आयोजन की घोषणा करते हुए खिलाड़ियों को अंतरराष्ट्रीय स्तर का मंच देने का भरोसा दिया।

 

डॉ. मिश्र ने बताया कि यह लीग 6 से 10 जुलाई 2026 तक नई दिल्ली के तालकटोरा स्टेडियम में आयोजित की जाएगी, जिसका प्रसारण Sony Liv और Jio Hotstar पर किया जाएगा।

उन्होंने जानकारी दी कि देशभर के लगभग 25,000 पंजीकृत बॉक्सर में से चयन कर 8 वेट कैटेगरी में 4 टीमों का गठन किया जाएगा। इसके लिए वाराणसी स्थित BHU में 16, 17 और 18 मई को ट्रायल होंगे, जबकि कोलकाता और पटियाला में भी चयन प्रक्रिया आयोजित की जाएगी।

बैठक में डॉ. मिश्र ने बताया कि International Boxing Association से मान्यता मिलने के बाद भारतीय बॉक्सरों ने दुबई और श्रीलंका में शानदार प्रदर्शन किया है, जिसमें महिला खिलाड़ियों ने श्रीलंका में 12 पदक जीतकर देश का गौरव बढ़ाया।

उन्होंने कहा कि IABF द्वारा देशभर में हर माह प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जा रहा है, जिनमें रायबरेली, भागलपुर, रांची, दिल्ली, भीमावरम, उदयपुर, रायपुर और गुड़गांव जैसे शहर शामिल हैं।

बैठक में महासचिव उपेन्द्र पांडेय ने प्रदेशभर से आए अतिथियों का स्वागत करते हुए संगठन की गतिविधियों पर प्रकाश डाला। वहीं अभिषेक अग्रवाल और आशुतोष ओझा ने अध्यक्ष का अभिनंदन किया।

जोनल अध्यक्ष सुशील कटियार ने घोषणा की कि बनारस ट्रॉफी की तर्ज पर कानपुर में भी जोनल स्तर की प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी, जिससे स्थानीय खिलाड़ियों को बेहतर अवसर मिलेंगे।

डॉ. मिश्र ने युवाओं से अपील करते हुए कहा कि वे केवल क्रिकेट तक सीमित न रहें, बल्कि बॉक्सिंग जैसे खेलों में भी आगे आएं। उन्होंने बताया कि उत्तर प्रदेश के 27 जिलों में कार्यकारिणी का गठन हो चुका है और इसे और विस्तार दिया जा रहा है।

बैठक में पुलिस और रेलवे से जुड़े कई खिलाड़ियों एवं अधिकारियों ने भी भाग लिया और संगठन को मजबूत समर्थन देने का आश्वासन दिया।

अंत में सभी सदस्यों ने एकजुट होकर उत्तर प्रदेश को बॉक्सिंग के क्षेत्र में अग्रणी बनाने और खिलाड़ियों को बेहतर अवसर उपलब्ध कराने का संकल्प लिया।

Leave a Comment