- ग्रीनपार्क स्टेडियम में दोपहर 3 बजे से होगा चयन, पात्र खिलाड़ी आवश्यक दस्तावेजों के साथ पहुंचें
कानपुर, 3 जुलाई।
खेल निदेशालय एवं उत्तर प्रदेश फुटबॉल संघ के तत्वावधान में 10 से 17 अगस्त तक अमेठी में आयोजित होने वाली अंतर मंडलीय जूनियर बालिका फुटबॉल प्रतियोगिता के लिए कानपुर मंडल टीम के चयन ट्रायल 5 एवं 6 अगस्त को ग्रीनपार्क स्टेडियम में आयोजित किए जाएंगे। ट्रायल प्रतिदिन दोपहर 3 बजे से शुरू होंगे।
इन पदाधिकारियों से करें संपर्क
ट्रायल में भाग लेने की इच्छुक खिलाड़ी ग्रीनपार्क स्टेडियम में डी.बी. थापा, अमित नारंग एवं शरद जायसवाल से समय रहते संपर्क कर सकती हैं। चयन प्रक्रिया निर्धारित नियमों के अनुसार संपन्न कराई जाएगी।
ये दस्तावेज लाना अनिवार्य
ट्रायल में शामिल होने वाली प्रत्येक खिलाड़ी को अपने साथ आधार कार्ड, चार रंगीन पासपोर्ट आकार के फोटो तथा नगर निगम द्वारा जारी जन्मतिथि प्रमाण पत्र लाना अनिवार्य होगा। जन्म प्रमाण पत्र का पंजीकरण जन्म के एक वर्ष के भीतर हुआ होना चाहिए।
आयु सीमा निर्धारित
चयन ट्रायल में केवल वही खिलाड़ी भाग ले सकेंगी जिनकी जन्मतिथि 1 जनवरी 2011 से 31 दिसंबर 2012 के बीच हो।
अमेठी में होगी अंतर मंडलीय प्रतियोगिता
चयनित खिलाड़ियों को कानपुर मंडल का प्रतिनिधित्व करने का अवसर मिलेगा। यह प्रतियोगिता 10 से 17 अगस्त तक अमेठी में आयोजित होगी, जिसमें प्रदेश के विभिन्न मंडलों की टीमें प्रतिभाग करेंगी।