- 88वीं सीनियर नेशनल बैडमिंटन चैंपियनशिप के लिए करेंगे प्रदेश की पुरुष एवं महिला टीम का चयन
- बैडमिंटन में 41 वर्षों के अनुभव और योगदान को मिला सम्मान
कानपुर, 13 नवंबर।
उत्तर प्रदेश बैडमिंटन जगत में कानपुर के लिए गौरव का क्षण है। शहर के वरिष्ठ बैडमिंटन प्रशिक्षक सुशील गुप्ता को उत्तर प्रदेश बैडमिंटन एसोसिएशन ने एक बार फिर सीनियर चयन समिति का चेयरमैन नियुक्त किया है। उनकी नियुक्ति को बैडमिंटन के क्षेत्र में उनके चार दशक से अधिक के अनुभव, समर्पण और योगदान का सम्मान माना जा रहा है।
सुशील गुप्ता 14 एवं 15 नवंबर 2026 को लखनऊ स्थित उत्तर प्रदेश बैडमिंटन एसोसिएशन के कार्यालय में आयोजित चयन प्रक्रिया के दौरान प्रदेश की सीनियर पुरुष एवं महिला बैडमिंटन टीम का चयन करेंगे। चयनित टीमें राष्ट्रीय चैंपियनशिप में उत्तर प्रदेश का प्रतिनिधित्व करेंगी।
भुवनेश्वर में होगी 88वीं सीनियर नेशनल चैंपियनशिप
YONEX-SUNRISE 88वीं सीनियर नेशनल बैडमिंटन चैंपियनशिप-2026 का आयोजन 17 से 24 दिसंबर तक भुवनेश्वर, ओडिशा में किया जाएगा। इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता में देशभर के शीर्ष पुरुष एवं महिला बैडमिंटन खिलाड़ी अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे। ऐसे में उत्तर प्रदेश की मजबूत टीम के चयन की जिम्मेदारी सुशील गुप्ता को सौंपी गई है।
41 वर्षों से बैडमिंटन को दे रहे योगदान
सुशील गुप्ता पिछले 41 वर्षों से बैडमिंटन खेल के विकास, खिलाड़ियों के प्रशिक्षण और नई प्रतिभाओं को तराशने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। वर्तमान में वह कानपुर विद्या मंदिर स्पोर्ट्स अकादमी, स्वरूप नगर में चीफ हेड बैडमिंटन कोच के रूप में सेवाएं दे रहे हैं। उनके मार्गदर्शन में अनेक खिलाड़ियों ने जिला, राज्य और राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया है। खेल के प्रति उनका अनुभव और समर्पण युवा खिलाड़ियों के लिए प्रेरणास्रोत रहा है।
अकादमी परिवार ने दी बधाई
सुशील गुप्ता की इस उपलब्धि पर कानपुर विद्या मंदिर स्पोर्ट्स अकादमी के चेयरमैन डॉ. डी.सी. गुप्ता, शुभम चड्ढा, आर.के. गुप्ता, संजय प्रजापति, अनुज गौतम, योगेश बिष्ट, देविशा यादव एवं गौरव सोनकर सहित अकादमी के खिलाड़ियों और अभिभावकों ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उन्हें बधाई दी।
अकादमी परिवार ने विश्वास जताया कि सुशील गुप्ता के लंबे अनुभव और कुशल मार्गदर्शन में उत्तर प्रदेश की सीनियर पुरुष एवं महिला बैडमिंटन टीमें राष्ट्रीय चैंपियनशिप में शानदार प्रदर्शन कर प्रदेश का गौरव बढ़ाएंगी।