7वीं ओपन स्टेट रोलर स्केटिंग चैंपियनशिप में कानपुर का शानदार प्रदर्शन, ओजल बाजपेयी ने जीते दो स्वर्ण पदक

 

 

 

  • लखनऊ में आयोजित राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में कानपुर के स्केटर्स ने जीते स्वर्ण, रजत और कांस्य पदक, 80 खिलाड़ियों ने लिया हिस्सा
  • 700 खिलाड़ियों की मौजूदगी में कानपुर के खिलाड़ियों ने बिखेरा जलवा, कुलदीप कुमार और राहुल भदौरिया रहे निर्णायक

 

कानपुर, 21 जुलाई।

उत्तर प्रदेश रोलर स्पोर्ट्स एसोसिएशन के तत्वावधान में आयोजित 7वीं ओपन स्टेट रोलर स्केटिंग चैंपियनशिप-2026 का आयोजन 18 एवं 19 जुलाई को लखनऊ में सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। दो दिवसीय इस राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में प्रदेशभर के करीब 700 खिलाड़ियों ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।

प्रतियोगिता में कानपुर से 80 रोलर स्केटिंग खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया और शानदार प्रदर्शन करते हुए कई पदक अपने नाम किए। वहीं शहर के कुलदीप कुमार और राहुल भदौरिया को प्रतियोगिता में निर्णायक (जज) की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी गई। प्रतियोगिता के दौरान मनदीप कुमार, आदित्य यादव, कृष्णा सोनकर और अर्जुन सिंह भी उपस्थित रहे।

ओजल बाजपेयी ने दो स्वर्ण जीतकर बढ़ाया मान

कानपुर की ओजल बाजपेयी ने 15–18 वर्ष बालिका वर्ग में शानदार प्रदर्शन करते हुए दो स्वर्ण पदक जीतकर शहर का गौरव बढ़ाया। वहीं युवल आर. राठौर (10–12 वर्ष) ने एक स्वर्ण पदक अपने नाम किया।

10–12 वर्ष आयु वर्ग की टॉय इनलाइन स्पर्धा में सिद्धांत प्रताप सिंह ने एक स्वर्ण और एक कांस्य पदक जीतकर अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया।

रजत और कांस्य पदकों पर भी कानपुर का कब्जा

अंडर-6 बालक वर्ग में ज्ञानेश कुमार सिन्हा ने एक रजत और एक कांस्य पदक जीता। कौटिल्य पांडेय (अंडर-8) ने एक रजत पदक अपने नाम किया।

कांस्य पदक विजेताओं में यातिका पांडेय (अंडर-6 बालिका) ने दो कांस्य पदक, जबकि प्रिंसी ने एक कांस्य पदक जीतकर कानपुर का नाम रोशन किया।

खिलाड़ियों के प्रदर्शन की हुई सराहना

प्रतियोगिता में कानपुर के खिलाड़ियों के उत्कृष्ट प्रदर्शन पर प्रशिक्षकों, अभिभावकों और खेल प्रेमियों ने खुशी जताई। खिलाड़ियों की इस सफलता को भविष्य में राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं के लिए उत्साहवर्धक माना जा रहा है।

 

Leave a Comment