केएसएस शूटिंग प्रतियोगिता में कानपुर की संगीता सिंह और प्रतीक्षा पाल ने बनाई इंडिया टीम ट्रायल में जगह

 

Call Now Advertisement

अधिक जानकारी के लिए विज्ञापन पर क्लिक करके हमसे सीधे कॉल पर संपर्क कर सकते हैं

 

  • द परफेक्ट राइफल शूटिंग अकादमी की महिला शूटर्स का शानदार प्रदर्शन, संगीता बनीं यूपी की नंबर-1 राइफल शूटर
  • देहरादून ओपन इंडिया शूटिंग चैंपियनशिप में अब अकादमी के कई खिलाड़ी नेशनल क्वालीफिकेशन के लिए दिखाएंगे दम

 

कानपुर, 15 मई।

भोपाल स्थित डॉ. एम.पी. शूटिंग रेंज में 28 अप्रैल से 14 मई तक आयोजित 24वीं कुमार सुरेंद्र सिंह (KSS) शूटिंग एयर राइफल प्रतियोगिता में कानपुर की द परफेक्ट राइफल शूटिंग अकादमी की महिला खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए इंडिया टीम ट्रायल में जगह बनाई।

नेशनल चयनित राइफल शूटर संगीता सिंह ने 600 में 630.2 अंक हासिल कर बेहतरीन प्रदर्शन किया, जबकि प्रतीक्षा पाल ने 621.1 अंक अर्जित कर इंडिया टीम ट्रायल के लिए क्वालीफाई किया। इस उपलब्धि के साथ संगीता सिंह उत्तर प्रदेश की नंबर-1 राइफल शूटर बन गई हैं। वहीं प्रतीक्षा पाल ने मात्र एक वर्ष के कठिन अभ्यास और समर्पण के बल पर यह बड़ी उपलब्धि हासिल कर अपनी प्रतिभा का परिचय दिया है।

अकादमी के कोच एवं सेक्रेटरी अमर निगम तथा कोच अविरल निगम ने दोनों खिलाड़ियों की सराहना करते हुए कहा कि अनुशासन, निरंतर अभ्यास और खेल के प्रति जुनून ही उनकी सफलता का आधार है। उन्होंने विश्वास जताया कि दोनों खिलाड़ी भविष्य में राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर कानपुर और प्रदेश का नाम रोशन करेंगी।

इसी क्रम में दिल्ली स्थित डॉ. करनी सिंह शूटिंग रेंज में चल रही KSS एयर पिस्टल प्रतियोगिता में जूनियर पुरुष वर्ग में केशव सोनी ने 552/600 अंक हासिल किए और मात्र 3 अंकों से इंडिया टीम ट्रायल में जगह बनाने से चूक गए। वहीं सीनियर वर्ग में अंकित यादव ने 564/600 अंक बनाकर सिर्फ एक अंक से और अविरल निगम 551/600 अंक के साथ 14 अंक कम होने के कारण चयन से वंचित रह गए।

अब 15 से 23 मई तक देहरादून में आयोजित होने वाली ओपन इंडिया शूटिंग चैंपियनशिप में अकादमी के कई खिलाड़ी नेशनल में जगह बनाने के लिए चुनौती पेश करेंगे। इनमें शाहनूर रहमान, इमरान खान, कनिष्क श्रीवास्तव, रोहन कुमार, वात्सल्य त्रिपाठी, ओम गुप्ता, विनायक, अमर निगम, नंदिनी निगम और पैरा राइफल शूटर अपूर्वा कटियार प्रमुख रूप से शामिल हैं।

अकादमी की ट्रेजरार शुभा निगम और डायरेक्टर मिनी सिंह ने खिलाड़ियों की उपलब्धियों पर गर्व व्यक्त करते हुए आगामी प्रतियोगिताओं के लिए सभी शूटर्स को शुभकामनाएं दीं।

Leave a Comment