कानपुर के अशोक मौर्य ने नेशनल पावरलिफ्टिंग में जीता स्वर्ण पदक

 

 

  • जूनियर ओपन डेडलिफ्ट में 202.5 किलो वजन उठाकर हासिल किया प्रथम स्थान
  • सीनियर पावरलिफ्टिंग में चौथा स्थान, 57.3 किलो बॉडी वेट में किया शानदार प्रदर्शन
  • स्क्वाट में 152.5 किलो और बेंच प्रेस में 82.5 किलो वजन उठाकर बढ़ाया कानपुर का गौरव

 

कानपुर, 13 सितंबर।

दिल्ली में आयोजित सीनियर नेशनल पावरलिफ्टिंग चैंपियनशिप-2026 में कानपुर के पावरलिफ्टर अशोक मौर्य ने शानदार प्रदर्शन करते हुए जूनियर ओपन डेडलिफ्ट में प्रथम स्थान हासिल कर नेशनल गोल्ड मेडल जीता। वहीं, सीनियर पावरलिफ्टिंग की 59 किलोग्राम भारवर्ग प्रतियोगिता में उन्होंने चौथा स्थान प्राप्त किया।

57.3 किलो बॉडी वेट में 202.5 किलो डेडलिफ्ट

अशोक मौर्य ने 57.3 किलोग्राम के अपने बॉडी वेट के साथ प्रतियोगिता में दमदार प्रदर्शन किया। उन्होंने सीनियर पावरलिफ्टिंग में स्क्वाट में 152.5 किलोग्राम, बेंच प्रेस में 82.5 किलोग्राम और डेडलिफ्ट में 202.5 किलोग्राम वजन उठाया। उनके इस प्रदर्शन ने प्रतियोगिता में मौजूद खिलाड़ियों और दर्शकों का ध्यान आकर्षित किया।

जूनियर ओपन डेडलिफ्ट में जीता स्वर्ण

जूनियर ओपन डेडलिफ्ट स्पर्धा में अशोक मौर्य ने 202.5 किलोग्राम वजन उठाकर प्रथम स्थान हासिल किया। उनकी इस उपलब्धि पर खेल प्रेमियों ने खुशी जताते हुए उन्हें बधाई दी। सीनियर पावरलिफ्टिंग में चौथा स्थान प्राप्त कर उन्होंने राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा का परिचय दिया।

राष्ट्रीय मंच पर बढ़ाया कानपुर का मान

सीनियर नेशनल पावरलिफ्टिंग चैंपियनशिप का आयोजन 9 से 11 सितंबर 2026 तक दिल्ली के पीतमपुरा स्थित दिली हाट के निकट किया गया। प्रतियोगिता में इक्विप्ड और अनइक्विप्ड वर्गों के साथ सब-जूनियर, जूनियर, सीनियर और मास्टर आयु वर्ग के खिलाड़ियों ने प्रतिभाग किया।

अशोक मौर्य की इस उपलब्धि से कानपुर के खेल जगत में खुशी का माहौल है। उनकी सफलता युवा खिलाड़ियों के लिए प्रेरणादायक है।

Leave a Comment