- 100 और 200 मीटर दौड़, रिले रेस व खो-खो प्रतियोगिताओं में विद्यार्थियों ने दिखाया दमखम
कानपुर, 24 अक्टूबर।
कैंटोनमेंट बोर्ड बीआई बाजार स्कूल में शुक्रवार को वार्षिक खेल उत्सव का आयोजन उत्साहपूर्वक किया गया। स्कूल परिसर में आयोजित कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने फ्लैग मार्च के साथ खेल उत्सव में भाग लिया। इस दौरान 100 मीटर और 200 मीटर दौड़, रिले रेस तथा खो-खो प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। विद्यार्थियों ने उत्साह, ऊर्जा और खेल भावना के साथ अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।

प्रधानाचार्य ने खिलाड़ियों का बढ़ाया उत्साह
कार्यक्रम में स्कूल के प्रधानाचार्य अतुल शुक्ला ने विजेता खिलाड़ियों को पुरस्कृत किया और विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन किया। उन्होंने खेलों को विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास का महत्वपूर्ण माध्यम बताते हुए नियमित खेल गतिविधियों में भाग लेने के लिए प्रेरित किया।
शिक्षकों ने दी विद्यार्थियों को बधाई
कार्यक्रम का संचालन खेल प्रशिक्षक सत्येंद्र सिंह यादव और सैयद अतीफ हुसैन तथा योग प्रशिक्षिका इंद्र प्रीत कौर ने किया। इस अवसर पर स्कूल के शिक्षक-शिक्षिकाओं मुकेश नाथ, तुलिका निगम, संध्या मिश्रा, आराधना, रुचि, नेहा और आकाश ने विद्यार्थियों को बधाई दी।
वार्षिक खेल उत्सव के माध्यम से विद्यार्थियों में शारीरिक दक्षता, अनुशासन, आत्मविश्वास और टीम भावना को प्रोत्साहित करने का संदेश दिया गया।